Zen Technologies Share Price: एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर की कंपनी जेन टेक्नोलोजिज के शेयरों में 27 मार्च को बीएसई पर 1.5 प्रतिशत की तेजी आई और यह 1466.15 रुपये पर बंद हुआ। दिन में कीमत 2.6 प्रतिशत तक चढ़कर 1481.70 रुपये के हाई तक गई थी। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि उसे रक्षा मंत्रालय से 152 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर L70 गन के लिए इंटीग्रेटेड एयर डिफेंस कॉम्बैट सिम्यूलेटर (IADCS) की सप्लाई के लिए है। इस ऑर्डर को 18 महीनों के अंदर पूरा किया जाना है।
ZEN Technologies का मार्केट कैप 13,200 करोड़ रुपये है। कंपनी में दिसंबर 2024 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 49.05 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी का शेयर एक मल्टीबैगर है। BSE के डेटा के मुताबिक, पिछले 5 सालों में शेयर की कीमत लगभग 5700 प्रतिशत बढ़ी है। 2 साल में शेयर 389 प्रतिशत और एक साल में 56 प्रतिशत की तेजी देख चुका है। केवल 2 सप्ताह में यह 21 प्रतिशत उछला है।
ब्रोकरेज फर्म्स से ZEN Technologies को 'बाय' रेटिंग
शेयर को मोतीलाल ओसवाल, ICICI Securities और नुवामा जैसी ब्रोकरेज फर्म्स से 'बाय' रेटिंग मिली हुई है। टारगेट प्राइस 2200-2535 रुपये प्रति शेयर तक है। BSE पर शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर 2,627.95 रुपये है, जो 24 दिसंबर 2024 को क्रिएट हुआ था। 52 सप्ताह का निचला स्तर 882.05 रुपये 27 मार्च 2024 को देखा गया।
दिसंबर तिमाही में मुनाफा 40 करोड़ रुपये
अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही में जेन टेक्नोलोजिज का शुद्ध मुनाफा 40 करोड़ रुपये रहा था। एक साल पहले मुनाफा 30.58 करोड़ रुपये था। दिसंबर 2024 तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 53 प्रतिशत बढ़कर 152 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। EBITDA 42 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 66 करोड़ रुपये हो गया, वहीं EBITDA मार्जिन गिरकर 38.01 प्रतिशत पर आ गया।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।