Multibagger Stocks: दिग्गज केमिकल कंपनी दीपक नाइट्राइट (Deepak Nitrite) के शेयर एक साल के हाई से करीब दो महीने से भी कम समय में 11 फीसदी फिसल गए हैं। ब्रोकरेज का मानना है कि इसमें अभी और तेज गिरावट के आसार दिख रहे हैं। हालांकि लॉन्ग टर्म में तो इसने बेतहाशा पैसा बढ़ाया है। सिर्फ 12 साल में 71 हजार रुपये के निवेश पर ही निवेशक करोड़पति बन गए हैं। अब आज की बात करें तो बीएसई पर यह 0.20 फीसदी की गिरावट के साथ 2112.35 रुपये के भाव (Deepak Nitrite Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 1.02 फीसदी फिसलकर 2095.00 रुपये तक आ गया था।
₹71000 बन गए एक करोड़, सिर्फ 12 साल में
दीपक नाइट्राइट के शेयर 18 नवंबर 2011 को 14.91 रुपये पर थे। अब यह 2112.35 रुपये पर है यानी कि महज 12 साल में 71 हजार रुपये लगाकर ही निवेशक करोड़पति बन गए। पिछले एक साल में शेयरों के परफॉरमेंस की बात करें तो 7 फरवरी 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 1,731.00 रुपये पर था। इसके बाद सात महीने में ही यह 37 फीसदी से अधिक उछलकर 8 सितंबर 2023 को एक साल के हाई 2,372.95 रुपये पर पहुंच गया। इस हाई से फिलहाल यह 11 फीसदी डाउनसाइड है।
अभी और कितना गिर सकता है Deepak Nitrite
दीपक नाइट्राइट के शेयर अभी वित्त वर्ष 2025 की कमाई के हिसाब से 24 गुना भाव पर है। ब्रोकरेज फर्म एचडीएफसी सिक्योरिटीज के मुताबिक ऊंची लागत इसके मार्जिन पर दबाव बनाए रखेगा। इसके अलावा इसका फिनॉल प्लांट पूरी क्षमता से काम कर रहा है यानी कि इसमें आगे ग्रोथ के आसार भी नहीं हैं। ऐसे में ब्रोकरेज फर्म ने 1419 रुपये के टारगेट प्राइस पर इसकी सेल रेटिंग बरकरार रखी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।