Multibagger Stocks: इलेक्ट्रिक बस बनाने वाली दिग्गज कंपनी ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक (Olectra Greentech) के शेयर एक दिन पहले सोमवार को एक साल के हाई पर पहुंच गए थे। इसके बाद मुनाफावसूली के चलते शेयरों पर दबाव दिखा। हालांकि लॉन्ग टर्म की बात करें तो यह निवेशकों के लिए शानदार स्टॉक साबित हुआ है। महज नौ साल में इसने एक लाख के निवेश पर करोड़पति बना दिया है। वहीं इस साल पांच महीने से भी कम समय में इसने निवेशकों के पैसे को दोगुने से अधिक बढ़ाया है। हालांकि आज की बात करें तो यह 2.08 फीसदी की गिरावट के साथ बीएसई पर 775.55 रुपये (Olectra Greentech Share Price) पर बंद हुआ है।
9 साल में Olectra Greentech ने बना दिया करोड़पति
ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक के शेयर 14 मार्च 2014 को 7.15 रुपये में मिल रहे थे और अब यह 10747 फीसदी ऊपर 775.55 रुपये पर है। इसका मतलब हुआ कि ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक ने महज 9 साल में निवेशकों के पैसों को 108 गुना से अधिक बढ़ा दिया और एक लाख रुपये के निवेश को 1.08 करोड़ रुपये की पूंजी बना दिया। इस कंपनी ने लॉन्ग टर्म ही नहीं बल्कि कम टाइम फ्रेम में भी निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है।
इस साल 23 फरवरी 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 374.35 रुपये पर था। इसके बाद महज चार महीने में यह 119 फीसदी उछलकर एक साल के हाई 5 जून 2023 को 819.95 रुपये पर पहुंच गया यानी कि चार महीने में ही निवेशकों की पूंजी दोगुने से अधिक बढ़ गई। हालांकि मुनाफावसूली के चलते इस हाई से यह 5 फीसदी से अधिक फिसल चुका है।
इस साल क्यों दिखा तेजी का रुझान
ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक के शेयर महज चार महीने में 119 फीसदी उछलकर सोमवार को एक साल के हाई पर पहुंच गए थे। यह इलेक्ट्रिक बस बनाती है और इसके लिए ऑर्डर मिलने के बाद से शेयरों में खरीदारी का अच्छा रुझान दिख रहा था। मार्च में इसे तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम से 550 बसों का ऑर्डर मिला था। इसे मुंबई के पब्लिक ट्रांसपोर्टर बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) से तो 3675 करोड़ रुपये की 2100 इलेक्ट्रिक बसों का अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर मिला है। एक महीने पहले इसने हाइड्रोजन बसों के लिए रिलायंस के साथ साझेदारी का ऐलान किया था जिस पर अगले साल आधिकारिक तौर पर काम शुरू होने की उम्मीद है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।