Muthoot Finance Share Price: मुथूट फाइनेंस ने 10 अप्रैल को डिविडेंड का ऐलान किया। कंपनी ने कहा कि बोर्ड ने प्रति शेयर 30 रुपये अंतरिम डिविडेंड के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह डिविडेंड वित्त वर्ष 2027-26 के लिए है। कंपनी के शेयरों में 10 अप्रैल को तेजी आई। शेयर 2.67 फीसदी उछलकर 3,568 रुपये पर बंद हुआ। बीते एक महीने में यह शेयर करीब 9 फीसदी चढ़ा है, जबकि इस दौरान शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आई है।
डिविडेंड के लिए 17 अप्रैल होगी रिकॉर्ड डेट
Muthoot Finance ने डिविडेंड के लिए 17 अप्रैल, 2026 रिकॉर्ड डेट तय की है। इसका मतलब है कि इस तारीख को जिन लोगों के पास यह शेयर होगा, वे डिविडेंड पाने के हकदार होंगे। कंपनी ने कहा है कि अंतरिम डिविडेंड शेयरहोल्डर्स को 30 दिन के भीतर मिल जाएगा। इसका मतलब है कि अगले महीने 9 तारीख तक डिविडेंड का पेमेंट हो जाएगा। मुथूट देश की गोल्ड लोन देने वाली सबसे बड़ी एनपीएफसी में से एक है।
FY26 कंपनी की ग्रोथ शानदार
मुथूट के बोर्ड ने मेमोरंडम ऑफ एसोसिएशन के मुख्य ऑब्जेक्ट्स क्लॉज में संशोधन के प्रस्ताव पर शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लेने का भी फैसला किया। इस संशोधन के जरिए एक नया सब-क्लॉज शामिल करने का प्रस्ताव है, जिससे कंपनी को इंश्योरेंस कॉर्पोरेट एजेंसी बिजनेस करने का अधिकार मिल जाएगा। मुथूट फाइनेंस की ग्रोथ FY26 में स्ट्रॉन्ग रही है। इसका संकेत कंपनी के एमडी ने पहले दिया था।
ग्रोथ गाइडेंस 30-35 फीसदी बढ़ाया था
कंपनी ने गोल्ड लोन की स्ट्रॉन्ग डिमांड को देखते हुए फुल-ईयर ग्रोथ गाइडेंस को बढ़ाकर 30-35 फीसदी कर दिया था। गोल्ड की कीमतों में उछाल से गोल्ड लोन की मांग बढ़ी थी। FY26 की पहली छमाही में कंपनी का एसेट अंडर मैनेजमेंट 23 फीसदी बढ़ा था। दिसंबर तिमाही में भी एयूएम की ग्रोथ अच्छी थी। कंपनी के शेयरों का प्रदर्शन शानदार रहा है।
डिविडेंड देने का कंपनी का शानदार रिकॉर्ड
एक साल में कंपनी का शेयर करीब 64 फीसदी बढ़ा है। मुथूट का डिविडेंड देने का रिकॉर्ड अच्छा रहा है। कंपनी 25 अप्रैल, 2025 को 26 रुपये अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया था। इससे पहले कंपनी ने 31 मई, 2024 को 24 रुपये अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया था। 18 अप्रैल, 2023 को इसने 22 रुपये अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया था। 25 अप्रैल, 2022 को इसने 20 रुपये अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया था।