फाइनेंशियल सेवाएं देने वाली देश की सबसे प्रमुख कंपनियों में से एक बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) अब जल्द ही म्यूचुअल फंड (Mutual Fund) बेचते हुए दिख सकती है। सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) ने कंपनी को 'बजाज फिनसर्व म्यूचुअल फंड' नाम से अपने म्यूचुअल फंड कारोबार को शुरू करने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में अब एक और एसेट मैनेजर की एंट्री होने जा रही है। 31 जनवरी 2023 तक के आंकड़ों में, इंडस्ट्री में 42 एसेट मैनेजमेंट कंपनियों कारोबार कर रही है, जो कुल करीब 39.62 लाख करोड़ रुपये के एसेट मैनेज कर रही हैं।
बजाज फिनसर्व म्यूचुअल फंड, बजाज फिनसर्व एसेट मैनेजमेंट (BFAM) के साथ इनवेस्टमेंट मैनेजर के रूप में सक्रिय और निष्क्रिय दोनों सेगमेंट में विभिन्न म्यूचुअल फंड स्कीमों को लॉन्च करने की उम्मीद है।
बजाज फिनसर्व के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर संजीव बजाज ने कहा, "निवेशकों के बढ़ते विश्वास और वित्तीय सेवाओं तक डिजिटल पहुंच के कारण म्युचुअल फंडों में लोगों की दिलचस्पी में तेजी आई है। बजाज फिनसर्व के लिए SEBI की मंजूरी रणनीतिक रूप से अहम है क्योंकि यह कंपनी को रिटेल ग्राहकों के लिए वित्तीय समाधानों के अपने सूट को पूरा करने में सक्षम बनाती है। गणेश मोहन की अगुआई में हमारा म्युचुअल फंड कारोबार निवेश और लंबी अवधि में पैसे बनाने के एक नए नजरिए को प्रेरित करेगा।
बजाज फिनसर्व एसेट मैनेजमेंट लिमिटेड के सीईओ गणेश मोहन ने कहा, "निवेशकों के बीच लंबी अवधि में निवेश बनाए रखने के लिए अधिक जागरूकता के साथ, यह समूह के सामने निवेशकों के लिए अपने म्यूचुअल फंड स्कीम ऑफर करने का सबसे वाजिब समय है। हमारा कारोबारी मॉडल हमारे निवेशकों के लिए दीर्घकालिक रिटर्न बनाने पर केंद्रित है।
केनरा रोबेको AMC में इक्विटी के पूर्व प्रमुख निमेश चंदन BFAM में इनवेस्टमेंट मैनेजमेंट से जुड़े कार्यों का नेतृत्व करेंगे। पिछले कुछ सालों में, व्हाइटऑक कैपिटल, सैमको, एनजे और ट्रस्ट जैसे कई फंड हाउसों ने म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में एंट्री की है। इससे इंडस्ट्री में कॉम्पिटीशन बढ़ गया है।