फ्लेक्सी कैप फंड्स (Flexi Cap Funds) इक्विटी म्यूचुअल फंड्स की सबसे बड़ी कैटेगरी बन गए हैं। दिसंबर 2022 तिमाही में इसने लार्ज कैप कैटेगरी को पीछे छोड़ दिया। फ्लेक्सी कैप फंड्स इक्विटी फंड्स की सबसे नई कैटेगरी है। इसकी शुरुआत SEBI ने नवंबर 2020 में की थी। ये फंड्स छोटी-बड़ी सभी मार्केट कैप वाली कंपनियों के शेयरों में निवेश करते हैं। इनके लिए एकमात्र शर्त यह है कि इन्हें अपने कुल एसेट का कम से कम 65 फीसदी शेयरों में निवेश करना होगा। नवंबर 2020 में शुरुआत के बाद से फलेक्सी कैप फंड्स का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) करीब 70 फीसदी बढ़ा है।
सबसे ज्यादा AUM वाले फ्लेक्सी कैप फंड्स
कैटेगरी की शुरुआत से अब तक AUM में सबसे ज्यादा ग्रोथ वाली फ्लेक्सी कैप स्कीम्स में Quant Flexi Cap, PGIM India Flexi Cap, HSBC Flexi Cap, Bank of India Flexi Cap, Parag Parikh Flexi Cap and Canara Rob Flexi Cap Fund शामिल हैं। हालांकि, पिछला साल म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के लिए बहुत अच्छा रहा। इंडस्ट्री का कुल AUM 40 लाख करोड़ रुपये पार कर गया। पिछले साल इक्विटी की सभी 11 कैटेगरी का एसेट्स रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया।
MF इंडस्ट्री का AUM 40 लाख करोड़ के पार
पिछले साल नवंबर में इंडस्ट्री का एयूएम 40 लाख करोड़ के पार पहुंच गया। लेकिन, साल के अंदर में थोड़ी बिकवाली देखने को मिली। इससे दिसंबर 2022 में एयूएम 39.58 लाख करोड़ रुपये पर आ गया। हालांकि, यह दिसंबर 2021 के मुकाबले 7 फीसदी ज्यादा है। मॉर्निंगस्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, फाइनेंशियल ईयर 2022-23 की तीसरी तिमाही में ओपन-एंडेड इक्विटी फंड्स में कुल 18,952 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश देखने को मिला। दिसंबर 2022 में इन फंड्स का कुल एयूएम 15.25 लाख करोड़ रुपये था। यह सितंबर 2022 के मुकाबले 4 फीसदी ज्यादा है।
फ्लेक्सी कैप का कुल एयूएम 2.46 लाख करोड़
मॉर्निंगस्टार के डेटा के मुताबिक, पिछले साल दिसंबर में फ्लेक्सी कैप इक्विटी कैटेगरी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। इसका कुल एसेट्स 2.46 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। 2022 में इस कैटेगरी में निवेश में मामूली वृ्द्धि देखने को मिली। यह 21,997 करोड़ रुपये रहा। 2021 में इसमें निवेश 17,882 करोड़ रुपये का हुआ था। लेकिन, 2022 में फ्लेक्सी कैप कैटेगरी में ओपन एंडेड इक्विटी एसेट क्लास में सबसे ज्यादा निवेश देखने को मिला।
दिसंबर 2022 में लार्ज-कैप इक्विटी इक्विटी कैटेगरी का AUM 2.42 लाख करोड़ की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। साल दर साल आधार पर इस कैटेगरी की ग्रोथ 9 फीसदी रही। लेकिन, पिछली तिमाही के मुकाबले एसेट 4 फीसदी तक बढ़ा। फाइनेंशियल ईयर 2022-23 की तीसरी तिमाही में लार्ज कैप फंड्स से 892 करोड़ रुपये का नेट आउटफ्लो देखने को मिला।