Get App

HDFC Bank की गिरावट को भुनाया म्यूचुअल फंड्स ने, मार्च में खरीद लिए ₹17250 करोड़ के शेयर

HDFC Bank Shares: अतानु चक्रवर्ती के अचानक इस्तीफे के बाद गवर्नेंस और मैनेजमेंट की स्थिरता को लेकर चिंताएं बढ़ने पर एचडीएफसी बैंक के शेयर पिछले महीने बुरी तरह टूट गए। बैंक ने सफाई दी कि अंदरूनी तौर पर कोई दिक्कत नहीं है लेकिन शेयरों पर काफी समय तक दबाव बना रहा। इस गिरावट में म्यूचुअल फंड्स ने जमकर खरीदारी की और ₹17,250 करोड़ के शेयर खरीद डाले। जानिए टॉप-3 खरीदार कौन रहे और मिलाएं अपने म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो से

Edited By: Jeevan Deep Vishawakarmaअपडेटेड Apr 15, 2026 पर 3:35 PM
HDFC Bank की गिरावट को भुनाया म्यूचुअल फंड्स ने, मार्च में खरीद लिए ₹17250 करोड़ के शेयर
ब्रोकरेज फर्म जेएम फाइनेंशियल के मुताबिक HDFC Bank का वैल्यूएशन आकर्षक बना हुआ है क्योंकि इसकी फ्रेंचाइजी काफी मजबूत है लेकिन बैंक की अंदरूनी दिक्कतों के चलते जो चिंता बनी है, उसके चलते नियर टर्म में इसके शेयर एक सीमित रेंज में ऊपर-नीचे हो सकते हैं।

Mutual Funds buying HDFC Bank Shares: पिछले महीने एचडीएफसी बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने एकाएक इस्तीफा दिया तो इसके शेयर धड़ाम हो गए। निवेशक घबराकर शेयर बेचने लगे तो भाव तेजी से नीचे आए। हालांकि इस गिरावट का म्यूचुअल फंड्स ने तगड़ा फायदा उठाया और पिछले महीने मार्च में बैंक के ₹17,250 करोड़ के शेयर खरीद डाले। बता दें कि मार्च महीने में एचडीएफसी बैंक के शेयर 17.5% से अधिक टूटे थे जोकि मार्च 2020 के बाद से इसके शेयरों के लिए किसी महीने सबसे बड़ी गिरावट रही। मार्च में यह लगातार चौथे महीने कमजोर हुआ और इस साल अब तक यह करीब 20% फिसल चुका है।

मार्च में सबसे अधिक शेयर खरीदे ICICI Prudential Mutual Fund ने

मार्च 2026 तक के आंकड़ों के हिसाब से 49 म्यूचुअल फंड्ल के पास एचडीएफसी बैंक के ₹2.79 लाख करोड़ के 380.81 करोड़ शेयर हैं जबकि फरवरी महीने के आखिरी में उनके पास ₹3.19 लाख करोड़ के 360 करोड़ थे। मार्च में सबसे अधिक ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड ने ₹5,073 करोड़ के अतिरिक्त शेयर खरीदे। इसके बाद एसबीआई म्यूचुअल फंड ने ₹2,706 करोड़ और निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड ने ₹2,145 करोड़ के शेयर खरीदे। मार्च के आखिरी में ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड के पास बैंक के ₹42,626 करोड़, एसबीआई म्यूचुअल फंड के ₹60,646 करोड़ और निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड के पास ₹24,429 करोड़ के शेयर थे।

मार्च महीने में जब बैंक के शेयर धड़ाम हुए थे, पराग पारिख फ्लेक्सी कैप फंड ने ₹2,037 करोड़, यूटीआई म्यूचुअल फंड ने 1,089 करोड़ रुपये, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड ने ₹1,075 करोड़ और डीएसपी म्यूचुअल फंड ने ₹822 करोड़ के शेयर खरीदे। इसके अलावा आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड, टाटा म्यूचुअल फंड, एडलवाइज म्यूचुअल फंड, केनरा रोबेको म्यूचुअल फंड और मिरे एसेट म्यूचुअल फंड ने भी खरीदारी की।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें