NDTV share price : अदाणी समूह के मालिकाना हक वाले ब्रॉडकास्टर न्यू देल्ही टेलीविजन (New Delhi Television) को चार क्षेत्रीय चैनल लॉन्च करने के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय की मंजूरी मिल गई है। इस खबर के बाद 18 अगस्त को नई दिल्ली टेलीविजन (NDTV) के शेयरों में 4 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। दोपहर 2 बजे के आसपास एनएसई पर नई दिल्ली टेलीविज़न का स्टॉक 5.05 रुपये या 2.29 फीसदी की बढ़त के साथ 226.05 रुपये पर नजर आ रहा था।
एक्सचेंजों को दी गई जानकारी में मीडिया ग्रुप NDTV ने कहा कि उसे चार समाचार और समसामयिक मामलों के चैनलों - एनडीटीवी राजस्थान, एनडीटीवी मध्य प्रदेश/छत्तीसगढ़, एनडीटीवी गुजराती और एनडीटीवी मराठी को अपलिंक और डाउनलिंक करने के लिए मंत्रालय की मंजूरी मिल गई है। एनडीटीवी ने यह भी कहा है कि इसकी शुरुआत 21 अगस्त को एनडीटीवी मध्य प्रदेश/छत्तीसगढ़ के लॉन्च के साथ होगी।
पिछले दिसंबर में अदानी मीडिया समूह द्वारा NDTV का किया गया था अधिग्रहण
इसके पहले NDTV ने मई में भी कहा था 9 चैनल लॉन्च करने की तैयारी में है। बता दें कि पिछले साल दिसंबर में अदानी मीडिया समूह द्वारा NDTV का अधिग्रहण कर लिया गया था। इस अधिग्रहण के बाद NDTV ने मीडिया क्षेत्र में अपनी उपस्थिति का विस्तार करने के लिए ये कदम उठाया है।
NDTV के कामकाजी प्रदर्शन पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही में कंपनी की कामकाजी आय सालाना आधार पर 35.03 फीसदी की गिरावट के साथ 69.99 करोड़ रुपए पर रही थी। जबकि इस अवधि में कंपनी को 8.08 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था। जबकि पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी 25.81 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था। वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग घाटा 9.68 करोड़ रुपए पर रहा था।
बताते चलें कि एनडीटीवी, टेलीविजन और डिजिटल ब्रॉडकॉस्टिंग के कारोबार में है। अपने टेलीविजन चैनलों और डिजिटल प्लेटफार्मों के जरिए एनडीटीवी समाचार कवरेज,विश्लेषण और मल्टीमीडिया सामग्री प्रदान करता है। इसके अतिरिक्त यह विज्ञापन और साझेदारी के जरिए से भी कमाई करता है।