NHPC Share Price: एक तरफ घरेलू स्टॉक मार्केट में पश्चिमी एशिया में तनाव के चलते धड़ाधड़ बिकवाली हो रही है तो दूसरी तरफ पब्लिक सेक्टर की हाइड्रोपावर कंपनी एनएचपीसी के शेयर रॉकेट बन गए। यह तेजी उस दिन आई है, जब इसके शेयरों का ऑफर फॉर साल रिटेल सेगमेंट के लिए आज खुला है। इसके ऑफर फॉर सेल इश्यू (OFS) को नॉन-रिटेल सेगमेंट में तगड़े रिस्पांस ने आज इसमें ऐसी चाबी भरी कि यह उछल पड़ा। जोश में यह 5% से अधिक उछल पड़ा। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा भी उठाया लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 3.86% के उछाल के साथ ₹74.86 पर है। इंट्रा-डे में यह 5.24% उछलकर ₹76.07 तक पहुंच गया था। एक कारोबारी दिन पहले इसके शेयर करीब 7% टूट गए थे जोकि इसके शेयरों के लिए जून 2024 के बाद से एक दिन में सबसे बड़ी गिरावट रही।
नॉन-रिटेल सेगमेंट को मिला शानदार रिस्पांस
एनएचपीसी का ऑफर फॉर सेल नॉन-रिटेल सेगमेंट में कल यानी 2 जून को ही खुल गया था। इसे जबरदस्त रिस्पांस मिला और 3.47 गुना से अधिक सबस्क्राइब हुआ। अब सरकार उन्हें प्रायोरिटी के आधार पर शेयर जारी करेगी और पूरे ग्रीन शू ऑप्शन का इस्तेमाल करने का फैसला किया गया है। सरकार के इस कदम की जानकारी DIPAM (डिपार्टमेंट ऑफ इनवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट) के सचिव अरुणिश चावला ने X (पूर्व नाम Twitter) पर दी। ऑफर फॉर सेल के तहत नॉन-रिटेल के लिए इश्यू का कट ऑफ प्राइस प्रति शेयर ₹71.5 फिक्स किया गया है।
सरकार ने 1 जून सोमवार को ऐलान किया था कि एनएचपीसी के ऑफर फॉर सेल के तहत बेस साइज 3% इक्विटी होल्डिंग है और ओवर-सब्सक्रिप्शन की स्थिति में अतिरिक्त 3% का ग्रीन शू ऑप्शन रखा गया। मार्च 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी में सरकार की हिस्सेदारी 67.4% थी तो खुदरा निवेशकों हिस्सेदारी 8.28% थी।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
एनएचपीसी के शेयर रिकॉर्ड हाई से काफी नीचे आ चुके हैं। करीब दो साल पहले बीएसई पर यह 15 जुलाई 2024 को ₹118.45 के रिकॉर्ड हाई पर था। अब एक साल में इसके शेयरों के चाल की बात करें तो पिछले साल 9 जून 2025 को बीएसई पर यह ₹92.30 के भाव पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से 9 महीने में यह 25.61% टूटकर 2 मार्च 2026 को ₹68.66 के भाव पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। यह निचला स्तर इसके शेयरों के रिकॉर्ड हाई से 42% से अधिक डाउनसाइड है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।