Nifty Bank at Record High: भारतीय बैंकिंग सेक्टर के लिए शेयर बाजार से अच्छी खबर आई है। देश के 14 दिग्गज बैंकों के शेयरों की चाल को ट्रैक करने वाला बैंक निफ्टी इंडेक्स 17 नवंबर को अपने नए रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया। मंगलवार को इंट्रा-डे में यह 62,442 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा और इसी के साथ इसने फरवरी 2026 में बने 61,764 के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। हालांकि दूसरी तरफ अमेरिकी बैंकिंग सेक्टर में कमजोरी के संकेत दिखाई दे रहे हैं। वहां बैंकों का प्रमुख इंडेक्स KBW Bank Index मंगलवार को 2% की गिरावट के बाद एक रेयर टेक्निकल पैटर्न डेथ क्रॉस (Death Cross) के करीब आ गया है।
क्या होता है Death Cross?
स्टॉक मार्केट की तकनीकी भाषा में डेथ क्रॉस बेयरेश सिग्नल माना जाता है। जब किसी शेयर या इंडेक्स का 50-दिन का मूविंग एवरेज (50 DMA), उसके 200-दिन के मूविंग एवरेज (200 DMA) से नीचे चला जाता है, तो इसे डेथ क्रॉस कहते हैं। ऐसा पैटर्न बनने पर आमतौर पर मार्केट में कमजोरी के संकेत के रूप में देखा जाता है, हालांकि जरूरी नहीं है कि ऐसा ही हो। KBW Bank Index में पिछली बार अप्रैल 2025 में डेथ क्रॉस बना था। पिछले 10 वर्षों में यह पैटर्न आठ बार दिखाई दिया है। 2023 के बैंकिंग संकट और 2025 में अमेरिकी टैरिफ के ऐलान के बाद भी ऐसा हुआ था।
क्यों है अमेरिकी बैंकों पर दबाव?
अमेरिका के 24 दिग्गज बैंकों के शेयरों को ट्रैक करने वाला KBW Bank इंडेक्स डेथ क्रॉस के करीब आ गया है। अगस्त में अपने रिकॉर्ड हाई पर पहुंचने के बाद से अमेरिकी बैंकिंग शेयरों पर दबाव बना हुआ है। कर्ज की बढ़ती लागत और कारोबार में रुकावटों ने बैंकों को परेशान कर दिया है। हाल ही में बड़े अमेरिकी बैंकों में तकनीकी दिक्कतों से झटका लगा। जेपीमॉर्गन के सिस्टम में रुकावट आई तो शेयर धड़ाम हो गए थे। इसके अलावा अमेरिकी बैंकिंग सेक्टर के तिमाही नतीजे मिले-जुले रहे हैं तो अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता ने भी दबाव बनाया है।
मंगलवार को एक हाई क्लासिफाइड नेटवर्क के ठप होने से बैंकिंग शेयरों में और बिकवाली देखने को मिली। इस नेटवर्क का इस्तेमाल नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी करती है। इसके ठप होने से जेपीमॉर्गन के सिस्टम में आई खराबी के कारण पहले से ही दबाव झेल रहे बैंकिंग शेयरों में और गिरावट आ गई। अगस्त में अपने रिकॉर्ड हाई से गोल्डमैन सैक्स और मॉर्गन स्टेनले के शेयरों में 15% से अधिक की गिरावट आई है, तो जेपीमॉर्गन के शेयर अपने रिकॉर्ड हाई से लगभग 10% नीचे आ चुके हैं।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।