1 महीने में 17% से ज्यादा चढ़ा Nifty FMCG, HUL-Dabur समेत कई शेयरों में तेजी, जानिए क्या हैं 5 कारण

FMCG Stocks Rally: Nifty FMCG इंडेक्स एक महीने में 17 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुका है। पाम ऑयल और कच्चे तेल के दाम नरम पड़े हैं, कंपनियों ने दाम बढ़ाए हैं और गांवों में मांग सुधरी है। इन वजहों से HUL, Dabur, ITC जैसे शेयरों में खरीदारी लौट आई है।

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 11:19 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Nifty FMCG इंडेक्स एक महीने में 17 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुका है।

FMCG Stocks Rally: लंबे समय तक पिछड़ने के बाद FMCG शेयर अब बाजार में दौड़ते दिख रहे हैं। Nifty FMCG इंडेक्स एक महीने में 17 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुका है और सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले सेक्टोरल इंडेक्स में शामिल हो गया है। इस तेजी से Hindustan Unilever (HUL), Dabur India, Godrej Consumer Products, ITC, Marico और Britannia Industries जैसी कंपनियां फिर से चर्चा में आ गई हैं।

25 नवंबर को इंडेक्स में 3.79 फीसदी की छलांग

25 नवंबर को Nifty FMCG इंडेक्स 3.79 फीसदी उछलकर 50143.50 पर बंद हुआ, जबकि Nifty 50 में करीब 1.65 फीसदी की तेजी थी। Dabur India, HUL, Godrej Consumer Products और Britannia Industries उस दिन सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयरों में रहे। खरीदारी सिर्फ कुछ दिग्गज शेयरों में नहीं हुई, इंडेक्स के कई शेयरों में पैसा आया।


2026 में इससे पहले ये सेक्टर कमजोर रहा था। कमोडिटी के ऊंचे दाम, मार्जिन पर दबाव और सुस्त खपत की वजह से वैल्यूएशन भी दबा रहा और निवेशकों का सेंटिमेंट भी।

पाम ऑयल की गिरावट से बड़ी राहत

FMCG कंपनियों को सबसे बड़ी राहत पाम ऑयल से मिल सकती है। Bloomberg की एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक मलेशिया में पाम ऑयल का रिकॉर्ड स्टॉक जमा है और एक्सपोर्ट डिमांड कमजोर है। इसी वजह से दाम दबाव में हैं। मलेशिया दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा पाम ऑयल उत्पादक है। कुआलालंपुर एक्सचेंज पर पाम ऑयल फ्यूचर्स 23 नवंबर को लगातार पांचवें सेशन में गिरे। ये मार्च के बाद के सबसे निचले क्लोजिंग लेवल के करीब पहुंच गए। सितंबर के पीक से दाम करीब 18 फीसदी नीचे आ चुके हैं। MPOB के मुताबिक अक्टूबर 2026 में मलेशिया का कुल पाम ऑयल स्टॉक महीने-दर-महीने 3.15 फीसदी बढ़कर 3.62 मिलियन टन हो गया।

भारत पाम ऑयल का बड़ा इंपोर्टर है। खाने के प्रोडक्ट्स, पैकेज्ड फूड, साबुन और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स में इसका इस्तेमाल होता है। HUL और Godrej Consumer Products का होम और पर्सनल केयर कारोबार भी इससे जुड़ा है। अगर दाम नीचे टिके रहे, तो इन कंपनियों की खरीद लागत घट सकती है और ग्रॉस मार्जिन सुधर सकता है। कंपनियों को असल में कितना फायदा होगा, ये तीन बातों पर निर्भर करेगा। खरीद के कॉन्ट्रैक्ट कैसे हैं, इन्वेंटरी साइकिल कैसी है और सस्ती लागत का कितना फायदा ग्राहकों को दिया जाता है।

कच्चे तेल की नरमी से दूसरी राहत

कच्चे तेल के दाम भी हालिया ऊंचाई से नरम पड़े हैं। डिटर्जेंट, शैंपू और साबुन में जाने वाले कई केमिकल क्रूड से बनते हैं और प्लास्टिक पैकेजिंग का खर्च भी इसी से जुड़ा है। ईंधन सस्ता हो तो माल ढुलाई का खर्च घटाने में भी मदद मिलती है। HUL, Godrej Consumer Products और Dabur का होम और पर्सनल केयर कारोबार बड़ा है, इसलिए इन्हें इसका फायदा मिल सकता है।

25 नवंबर को शुरुआती कारोबार में ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 88 डॉलर प्रति बैरल से नीचे फिसल गया था। तब बाजार को चिंता थी कि दुनिया में तेल की सप्लाई जरूरत से ज्यादा हो सकती है। लेकिन नई जियोपॉलिटिकल चिंताओं के बाद दाम फिर चढ़े और ब्रेंट 94.61 डॉलर प्रति बैरल पर सेटल हुआ। ये राहत कंपनियों की कमाई में तभी दिखेगी, जब दाम लंबे समय तक नीचे रहें।

दाम बढ़ाकर मार्जिन बचाने का दांव

बढ़ी लागत की भरपाई के लिए कई कंपनियों ने पिछले कुछ महीनों में MRP बढ़ाई है या पैकेट में माल की मात्रा घटाई है। HUL ने हाल ही में Surf Excel, Rin और Wheel समेत अपने होम केयर पोर्टफोलियो में 11 फीसदी तक दाम बढ़ाए हैं। अलग-अलग पैक पर ये बढ़ोतरी 1 से 10 रुपये तक की है। Dabur India ने भी संकेत दिया है कि वो अपने पूरे पोर्टफोलियो में सोच-समझकर दाम बढ़ाने पर विचार कर रही है।

ITC ने Gold Flake Premium रेगुलर साइज फिल्टर सिगरेट पैक का दाम करीब 8 फीसदी बढ़ाकर 125 से 135 रुपये कर दिया है। जून में इसका दाम 115 से बढ़ाकर 125 रुपये किया गया था। इस तरह इस साल अब तक कुल बढ़ोतरी करीब 17.4 फीसदी हो गई है।

अगर लागत घटने के बाद भी दाम ऊंचे बने रहे, तो कंपनियों का ग्रॉस मार्जिन बढ़ सकता है। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि ऊंचे दाम पर भी बिक्री बनी रहे और मार्केट शेयर न घटे।

गांवों से लौट रही मांग

Bizom की अक्टूबर 2026 की Kirana Pulse रिपोर्ट के मुताबिक अक्टूबर में भारत के FMCG बाजार की वैल्यू ग्रोथ सालाना आधार पर 14.1 फीसदी रही। सितंबर में ये 9.5 फीसदी थी। गैर-शहरी बाजारों में ग्रोथ 16.1 फीसदी रही और ये शहरी बाजारों से आगे रहे, जहां ग्रोथ 10.1 फीसदी रही। रिपोर्ट के मुताबिक इस सुधार की चार वजहें रहीं। त्योहारी मांग, बेहतर रिटेल एग्जीक्यूशन, बाजार में प्रोडक्ट्स की ज्यादा उपलब्धता और दाम बढ़ोतरी।

वैल्यू ग्रोथ में 8-9 फीसदी की दाम बढ़ोतरी का बड़ा हाथ रहा। लेकिन कई सुस्त महीनों के बाद वॉल्यूम में भी सुधार दिखा। FMCG कंपनियों का बड़ा कारोबार छोटे शहरों और गांवों से आता है, इसलिए वहां मांग का सुधरना इनके लिए बहुत मायने रखता है।

मजबूत Q2 नतीजे और विदेशी निवेशकों की वापसी

Informist की अर्निंग रिव्यू रिपोर्ट के मुताबिक सितंबर तिमाही में Nifty 250 इंडेक्स की 18 FMCG कंपनियों का कुल एडजस्टेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 0.9 फीसदी बढ़ा। इन 18 कंपनियों में ITC भी शामिल है। नेट सेल्स 15.4 फीसदी बढ़ी और बाजार के अनुमान से बेहतर रही। सिगरेट की बिक्री घटने से ITC का मुनाफा तेजी से गिरा और इसने पूरे सेक्टर के आंकड़े को नीचे खींच लिया। ITC को हटा दें तो एडजस्टेड प्रॉफिट 11.7 फीसदी और रेवेन्यू 18.3 फीसदी बढ़ा। दोनों आंकड़े स्ट्रीट के अनुमान से बेहतर रहे।

FMCG को डिफेंसिव सेक्टर माना जाता है, क्योंकि रोज की जरूरत के सामान की मांग बाजार के उतार-चढ़ाव में भी काफी हद तक बनी रहती है। FMCG शेयरों में ये खरीदारी ऐसे समय हुई है, जब भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों का पैसा भी लौट रहा है। PTI की एक रिपोर्ट में एक एक्सपर्ट ने कहा कि इस महीने अब तक FII का नेट इनफ्लो रिकॉर्ड 13.2 अरब डॉलर पहुंच गया है।

आगे किन बातों पर रहेगी नजर

ये तेजी कितनी टिकेगी, ये इस बात पर निर्भर करेगा कि ये सारे पॉजिटिव बदलाव कंपनियों की असल कमाई में दिखते हैं या नहीं। निवेशक पाम ऑयल, कच्चे तेल और दूसरे कच्चे माल की कीमतों पर नजर रखेंगे। साथ ही ये भी देखेंगे कि कंपनियां बढ़े हुए दाम कब तक टिका पाती हैं। वॉल्यूम ग्रोथ भी उतनी ही अहम है। अगर ऊंचे दाम की वजह से मांग घटी, तो मार्जिन सुधरने के बाद भी रेवेन्यू ग्रोथ बनाए रखना मुश्किल होगा। इसलिए ये रैली मजबूत बिजनेस पर टिकी है या नहीं, इसका जवाब दिसंबर तिमाही के नतीजों से मिलेगा।

Tata Group में फिर घमासान! चंद्रशेखरन की री-अपॉइंटमेंट को बॉम्बे HC में चुनौती देंगे नोएल टाटा, चिट्ठी से मचा हड़कंप

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।