Nifty Outlook: वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के बीच कैसी रहेगी निफ्टी की चाल, जानिए एक्सपर्ट से

Nifty Outlook: निफ्टी ने शुक्रवार को नए रिकॉर्ड बनाए हैं, लेकिन वेनेजुएला पर अमेरिकी हमलों से बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आगे तेजी की गुंजाइश बनी हुई है। जानिए 5 जनवरी के लिए अहम सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवल।

अपडेटेड Jan 04, 2026 पर 3:44 PM
Story continues below Advertisement
LKP Securities के रूपक डे के मुताबिक, निफ्टी का शॉर्ट टर्म ट्रेंड मजबूत बना हुआ है।

Nifty Outlook: शेयर बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स ने शुक्रवार को नए रिकॉर्ड स्तर तो छू लिया। निफ्टी 26,325 के अहम स्तर के ऊपर मजबूती से टिका और लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढ़त दर्ज की। इस दौरान इंडेक्स ने 26,200 से 26,300 के मजबूत रेजिस्टेंस जोन को तोड़ा। यह कारोबार के दौरान 26,340 के नए ऑल टाइम हाई तक भी पहुंच।

हालांकि, वेनेजुएला पर अमेरिकी हमलों (US Attacks Venezuela) का ग्लोबल मार्केट समेत भारतीय बाजार पर भी असर पड़ सकता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि सोमवार, 5 जनवरी को निफ्टी की चाल कैसी रहेगी और कौन से लेवल अहम रहेंगे। लेकिन, पहले जान लेते हैं कि शुक्रवार को बाजार में क्या खास हुआ था।

दिनभर बाजार में बनी रही मजबूती


शुक्रवार को बाजार की शुरुआत हल्की तेजी के साथ हुई थी, लेकिन शुरुआती और मिड सेशन में यह तेजी और मजबूत होती चली गई। कारोबार के आखिरी हिस्से में थोड़ी गिरावट जरूर आई, लेकिन निवेशकों ने इसे तुरंत खरीदारी का मौका माना। इसी वजह से निफ्टी दिन के ऊपरी स्तरों के करीब बंद होने में कामयाब रहा।

रिकॉर्ड क्लोजिंग, गेनर्स और लूजर्स

निफ्टी 182 अंकों की बढ़त के साथ 26,328 के अपने अब तक के सबसे ऊंचे क्लोजिंग लेवल पर बंद हुआ। इंडेक्स में कोल इंडिया, NTPC और हिंडाल्को सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर रहे। वहीं, ITC, कोटक महिंद्रा बैंक और नेस्ले इंडिया ने बाजार की तेजी पर कुछ दबाव बनाया।

PSU और मेटल चमके

सेक्टर के लिहाज से देखा जाए तो FMCG को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। रियल्टी, PSU बैंक और मेटल शेयरों ने बाजार की इस रैली को लीड किया और निवेशकों का भरोसा मजबूत किया।

मिडकैप-स्मॉलकैप ने दिखाया दम

ब्रॉडर मार्केट का प्रदर्शन भी मजबूत बना रहा। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1 प्रतिशत चढ़कर अपने नए ऑल टाइम हाई पर बंद हुआ। निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.70 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। इससे साफ है कि खरीदारी सिर्फ बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही।

इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को सहारा

नीति स्तर पर एक अहम खबर सामने आई। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स मैन्युफैक्चरिंग स्कीम के तहत 22 प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। इन प्रोजेक्ट्स में करीब 41,863 करोड़ रुपये के निवेश और लगभग 2.58 लाख करोड़ रुपये के उत्पादन की संभावना जताई गई है।

GST कलेक्शन बढ़ा, लेकिन...

मैक्रो आंकड़ों की बात करें तो दिसंबर महीने में GST कलेक्शन सालाना आधार पर 6.1 प्रतिशत बढ़कर 1.75 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। हालांकि रिफंड की रकम ज्यादा रहने के चलते नेट घरेलू कलेक्शन में कुछ गिरावट देखने को मिली।

फिर बढ़ा भू-राजनीतिक तनाव

नए साल की शुरुआत के साथ ही भू-राजनीतिक जोखिम एक बार फिर उभर आए हैं। अमेरिका ने वेनेजुएला पर जमीनी हमला किया। वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई है।

कच्चा तेल-कीमती धातु फोकस में

इस भूराजनीतिक तनाव का असर कच्चे तेल और कीमती धातुओं समेत कई एसेट क्लास पर पड़ सकता है। वेनेजुएला के पास बड़े तेल भंडार के साथ-साथ सोना और अन्य धातुओं की भी मौजूदगी है। इससे ग्लोबल कमोडिटी मार्केट में हलचल बढ़ सकती है।

ग्लोबल मार्केट पर असर की आशंका

अमेरिकी शेयर बाजारों में शुरुआत में नकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है। क्योंकि इस बार अमेरिका सीधे तौर पर इस टकराव में शामिल है। यह स्थिति 2025 में देखे गए रूस-यूक्रेन या इजरायल-ईरान जैसे संघर्षों से अलग मानी जा रही है।

अमेरिकी इक्विटी बाजार 2026 में लगातार तीन साल के डबल डिजिट रिटर्न के बाद दाखिल हुए हैं। ऐसे में वहां किसी भी तेज प्रतिक्रिया का असर दुनिया भर के शेयर बाजारों पर भी देखने को मिल सकता है।

निफ्टी पर एक्सपर्ट की राय

टेक्निकल मोर्चे पर HDFC Securities के नगराज शेट्टी ने कहा कि अगले एक से दो हफ्तों में निफ्टी का अगला अपसाइड टारगेट करीब 26,750 के आसपास दिख रहा है। वहीं तत्काल सपोर्ट 26,200 के पास है।

LKP Securities के रूपक डे के मुताबिक, निफ्टी का शॉर्ट टर्म ट्रेंड मजबूत बना हुआ है। उन्होंने कहा कि जब तक इंडेक्स 26,000 के ऊपर बना रहता है, तब तक गिरावट पर खरीदारी की रणनीति बुल्स के पक्ष में रहेगी। उनका मानना है कि 26,350 के ऊपर निर्णायक ब्रेकआउट निफ्टी को शॉर्ट टर्म में 26,600 की ओर ले जा सकता है।

मजबूत ब्रेकआउट का संकेत

Centrum Broking के नीलेश जैन ने कहा कि निफ्टी सभी अहम शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म मूविंग एवरेज के ऊपर ट्रेड कर रहा है। इससे ओवरऑल ट्रेंड पॉजिटिव बना हुआ है। बेस अब 26,100 के जोन में शिफ्ट हो चुका है। ऐसे में शॉर्ट टर्म में निफ्टी के 26,500 की ओर बढ़ने की गुंजाइश बनी हुई है।

वहीं HDFC Securities के नंदीश शाह ने कहा कि निफ्टी ने अपने पहले के स्विंग हाई 26,236 और 26,325 को मजबूती से पार कर लिया है। यह कंसोलिडेशन फेज से मजबूत ब्रेकआउट का संकेत देता है।

शाह के मुताबिक, अब जब इंडेक्स अनछुए स्तरों में पहुंच चुका है, तो शॉर्ट टर्म में 26,500 और उससे ऊपर की ओर तेजी की राह खुलती दिख रही है। साथ ही, तत्काल सपोर्ट भी बढ़कर करीब 26,100 पर आ गया है। यह शॉर्ट टर्म गिरावट के दौरान सहारा दे सकता है।

Stocks to Watch: सोमवार 5 जनवरी को फोकस में रहेंगे ये 27 स्टॉक्स, मिल सकता है तगड़ी कमाई का मौका

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।