Tata Steel Q1 Update: टाटा की कंपनी स्टील प्रोडक्शन 11% बढ़ा, शेयरों पर रहेगी नजर

Tata Steel Q1 Update: टाटा स्टील ने पहली तिमाही में प्रोडक्शन और डिलीवरी दोनों में दमदार बढ़त दर्ज की है। घरेलू कारोबार ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि विदेशी यूनिट्स से मिला-जुला संकेत मिला। अब निवेशकों की नजर इस अपडेट के बाद शेयर की अगली चाल पर रहेगी।

अपडेटेड Jul 08, 2026 पर 11:00 PM
टाटा स्टील का शेयर बुधवार को 0.70% की गिरावट के साथ 188.47 रुपये पर बंद हुआ।

Tata Steel Q1 Update: टाटा स्टील ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में भारत में मजबूत ऑपरेशनल प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी का क्रूड स्टील प्रोडक्शन सालाना आधार पर 11% बढ़कर 58.2 लाख टन पहुंच गया। वहीं, स्टील डिलीवरी भी 9% बढ़कर 51.7 लाख टन रही। इस बढ़ोतरी में जमशेदपुर और कलिंगानगर प्लांट की उत्पादन क्षमता बढ़ने का बड़ा योगदान रहा।

हालांकि, पिछली तिमाही (जनवरी-मार्च 2026) की तुलना में तस्वीर थोड़ी कमजोर रही। क्रूड स्टील उत्पादन 6.4% घटा, जबकि डिलीवरी में 16.5% की गिरावट दर्ज की गई।

घरेलू कारोबार में कैसी रही ग्रोथ?


कंपनी के अलग-अलग बिजनेस सेगमेंट का प्रदर्शन भी मजबूत रहा। ऑटोमोटिव और स्पेशल प्रोडक्ट्स से करीब 9 लाख टन की डिलीवरी हुई। ब्रांडेड प्रोडक्ट्स और रिटेल से 17 लाख टन, जबकि इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स और प्रोजेक्ट्स से 16 लाख टन की डिलीवरी दर्ज की गई।

डिजिटल कारोबार में भी कंपनी ने शानदार ग्रोथ दिखाई। तिमाही के दौरान ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से 2,200 करोड़ रुपये का ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (GMV) हासिल हुआ, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 61% ज्यादा है।

विदेशी कारोबार में मिला-जुला प्रदर्शन

नीदरलैंड में टाटा स्टील का लिक्विड स्टील उत्पादन 15.5 लाख टन रहा, जो सालाना आधार पर 8.8% कम है। डिलीवरी भी घटकर 14 लाख टन रह गई। कंपनी ने बताया कि अप्रैल में Direct Sheet Plant बंद होने की वजह से उत्पादन प्रभावित हुआ। फिलहाल ट्रायल रन जारी हैं और जल्द ही प्लांट पूरी क्षमता से चालू होने की उम्मीद है।

ब्रिटेन में टाटा स्टील की डिलीवरी 4.8 लाख टन रही, जो पिछले साल के मुकाबले कम है। कंपनी फिलहाल खरीदे गए स्टील की प्रोसेसिंग के जरिए ग्राहकों को सप्लाई कर रही है। साथ ही Port Talbot में 30 लाख टन सालाना क्षमता वाले नए Electric Arc Furnace पर काम तेजी से चल रहा है।

थाईलैंड यूनिट का प्रदर्शन

थाईलैंड में टाटा स्टील का स्टील प्रोडक्शन लगभग स्थिर रहा। पहली तिमाही में 3.3 लाख टन स्टील का उत्पादन हुआ, जो पिछले साल के बराबर है। डिलीवरी भी 3.3 लाख टन रही। हालांकि, इसमें सालाना आधार पर मामूली गिरावट दर्ज की गई।

टाटा स्टील के शेयर

टाटा स्टील का शेयर बुधवार को 0.70% की गिरावट के साथ 188.47 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 1 महीने में स्टॉक 7.03% गिरा है। हालांकि, 1 साल में इसने करीब 16% का रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 2.35 लाख करोड़ रुपये है।

Stocks to Watch: 9 जुलाई को फोकस में रहेंगे ये 16 स्टॉक्स, दिख सकती है बड़ी हलचल

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।