निप्पन लाइफ एसेट मैनेजमेंट कंपनी (Nippon Life AMC) के शेयर आज रॉकेट बने हुए हैं। 762 करोड़ रुपये की एक ब्लॉक डील के चलते शेयरों को पंख लग गए। इस ब्लॉक डील में 1.78 करोड़ शेयरों का लेन-देन हुआ जो निप्पन एएमसी की 2.86 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। करीब 9 फीसदी उछलकर यह एक साल के रिकॉर्ड हाई 486.80 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि फिर मुनाफावसूली के चलते शेयरों पर दबाव बना और भाव में नरमी आई। दिन के आखिरी में BSE पर यह 2.05 फीसदी की मजबूती के साथ 459 रुपये (Nippon AMC Share Price) पर बंद हुआ है।
IndusInd Bank ने Nippon AMC में बेच दी पूरी हिस्सेदारी?
निप्पन लाइफ एएमसी के शेयर आज ब्लॉक डील के चलते करीब 9 फीसदी उछल गए। इस ब्लॉक डील के तहत किसने शेयर बेचे हैं और किसने शेयर खरीदे हैं, इसका खुलासा तो अभी नहीं हो पाया है। हालांकि सीएनबीसी-टीवी18 ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी थी कि इंडसइंड बैंक निप्पन लाइफ एएमसी में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेचने पर विचार कर रहा था। BSE पर मौजूद निप्पन लाइफ एएमसी के सितंबर तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक इंडसइंड बैंक के पास इसके 1,78,57,355 शेयर हैं जो निप्पन लाइफ एएमसी की 2.86 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है।
इंडसइंड बैंक ने निप्पन एएमसी में अपने शेयर बेचे हैं, इसका खुलासा होने के बाद बैंक के शेयर भी मजबूत हुए हैं। इंट्रा-डे में यह करीब 1 फीसदी मजबूत होकर 1581.00 रुपये पर पहुंच गया। एक कारोबारी दिन पहले 19 दिसंबर 2023 को यह इंट्रा-डे में एक साल के हाई 1585.70 रुपये पर पहुंचा था।
किस भाव पर हुआ है Block Deal
अब बात करें कि यह ब्लॉक डील किस भाव पर हुई है तो निप्पन एएमसी के शेयरों की 427 रुपये के फ्लोर प्राइस पर बिक्री हुई है। यह मंगलवार 19 दिसंबर के क्लोजिंग प्राइस से करीब 5 फीसदी डिस्काउंट पर है। मंगलवार को BSE पर यह 427 रुपये के भाव पर बंद हुआ था। इस ब्लॉक डील के चलते वॉल्यूम एक्टिविटी बढ़ी जिससे शेयरों की तेजी को सपोर्ट मिला। ब्लॉक डील के तहत 1.78 करोड़ शेयरों का लेन-देन हुआ जबकि एक महीने के औसतन डेली ट्रेडिंग की बात करें तो करीब 7 लाख शेयरों का औसतन लेन-देन होता है।