नवरत्न स्टेटस वाली सरकारी कंपनी NLC India के शेयरों में 14 मई को जबरदस्त तेजी रही। कारोबार के दौरान शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से 19 प्रतिशत तक उछली। BSE पर शेयर 387.70 रुपये के हाई तक गया और 52 सप्ताह का नया हाई क्रिएट हुआ। बाद में शेयर 14 प्रतिशत बढ़त के साथ 371.15 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी ने एक दिन पहले तिमाही और सालाना नतीजे जारी किए थे। साथ ही डिविडेंड भी घोषित किया था। इसका असर गुरुवार को शेयर की कीमत पर दिख रहा है।
जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में NLC India का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर 5,042.46 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 3,836 करोड़ रुपये था। शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा एक साल पहले से 189 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1393.46 करोड़ रुपये हो गया। मार्च 2025 तिमाही में यह 481.96 करोड़ रुपये था। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 17,489.53 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 15,282.96 करोड़ रुपये रहा।
NLC India कितना देगी डिविडेंड
NLC India Ltd के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 0.25 रुपये यानि कि 25 पैसे प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है। इस पर सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। रिकॉर्ड डेट और डिविडेंड के पेमेंट की डेट अभी घोषित नहीं हुई है। रिकॉर्ड डेट तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे।
NLC India का शेयर एक साल में 60 प्रतिशत मजबूत
NLC India का मार्केट कैप बढ़कर 51400 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी में मार्च 2025 के आखिर तक सरकार के पास 72.20 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर एक साल में 60 प्रतिशत और एक महीने में 36 प्रतिशत चढ़ा है। 3 साल में यह 330 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त देख चुका है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।