केयर रेटिंग्स ने जिस शापूरजी पालोनजी (एसपी) ग्रुप की रेटिंग हाल में घटा दी थी, उसके बॉन्ड्स की डिमांड अचानक बढ़ गई है। सीनियर बैंकर्स ने मनीकंट्रोल को यह बताया। नोएल टाटा के टाटा ट्रस्ट्स का चेयरमैन नियुक्त होने के बाद ऐसा हुआ है। टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की 66 फीसदी हिस्सेदारी है। हाल में केयर रेटिंग्स ने एसपी ग्रुप की रेटिंग 'केयर बीबी' से घटाकर 'केयर बीबी माइनस' कर दी थी। एसपी ग्रुप की कंपनी गोस्वामी इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड (जीआईपीएल) के बॉन्ड्स की डिमांड सबसे ज्यादा बढ़ी है। खासकर घरेलू वेल्थ मैनेजमेंट फर्में इस बॉन्ड्स में दिलचस्पी दिखा रही हैं।
निवेशकों को टाटा ग्रुप और एसपी ग्रुप के रिश्ते सुधरने की उम्मीद
इनवेस्टर्स को उम्मीद है कि नोएल टाटा (Noel Tata) के लीडरशिप रोल में आ जाने के बाद Tata Group और SP Group के संबंधों पर जमी बर्फ पिघलेगी। 2016 में साइरस मिस्त्री को टाटा संस के चेयरमैन पद से हटाए जाने के बाद दोनों के रिश्ते काफी खराब हो गए थे। ध्यान देने वाली बात है कि नोएल टाटा की शादी अलू मिस्त्री से हुई है, जो साइरस मिस्त्री की बहन हैं। साइरस मिस्त्री पालोनजी मिस्त्री के बेटे हैं, जो टाटा संस के सबसे बड़े इंडिविजुअल इनवेस्टर थे। कुछ साल पहले उनका देहांत हो गया था। नोएल टाटा 67 साल के हैं। 11 अक्टूबर को उन्हें टाटा ट्रस्ट्स का चेयरमैन नियुक्त कर दिया गया। 9 अक्टूबर को रतन टाटा के निधन के बाद नोएल को टाटा ट्रस्ट्स का चेयरमैन नियुक्त किया गया। रतन टाटा नोएल के सौतेले भाई थे।
गोस्वामी इंफ्राटेक के बॉन्ड्स 2026 में मैच्योर होंगे
जीआईपीएल के जीरो-कूपन बॉन्ड्स की डिमांड सबसे ज्यादा बढ़ी है। केयर ने इस बॉन्ड को 'बीबी-माइनस' रेटिंग दी है। ये बॉन्ड 28 जून, 2023 को लिस्ट हुए थे। ये अप्रैल, 2026 में मैच्योर होंगे। इनका कूपन (इंटरेस्ट रेट) 18.75 फीसदी है। ज्यादा कूपन रेट के बावजूद इन बॉन्ड्स में डिस्काउंट पर ट्रेडिंग हो रही थी। इसका मतलब है कि एसपी ग्रुप के कर्ज चुकाने की क्षमता को संदेह की नजर से देखा जा रहा था। गोस्वामी इंफ्राटेक के NCD का पैसा निवेशकों को लौटाने को लेकर रिस्क दिख रहा था। इसके बाद केयर ने कंपनी की रेटिंग घटाई थी।
गोस्वामी इंफ्राटेक पर मंडरा रहा था डिफॉल्ट का रिस्क
केयर ने कहा था कि गोस्वामी इंफ्राटेक के फंड जुटाने में देरी को देखते हुए एनसीडी के पेमेंट पर डिफॉल्ट करने का रिस्क बढ़ा है। हाल में गोस्वामी इंफ्राटेक ने 1,800 करोड़ रुपये के इंटरेस्ट के पेमेंट को टालने के प्रस्ताव पर बॉन्डहोल्डर्स का एप्रूवल हासिल कर लिया था। कंपनी अब इंटरेस्ट का पैसा 31 दिसंबर को चुकाएगी। पहले उसे यह पैसा 30 सितंबर को चुकाना था। पेमेंट टालने के प्रस्ताव पर बॉन्डहोल्डर्स का एप्रूवल हासिल कर लेने के बाद फिलहाल गोस्वामी इंफ्राटेक के डिफॉल्ट करने की आशंका नहीं रह गई है।
यह भी पढ़ें: Short Call: क्या इंडियन मार्केट्स पर भारी पड़ेगी चीन के मार्केट्स की तेजी, TCS, Avenue Supermarts क्यों सुर्खियों में हैं?
टाटा संस में एसपी ग्रुप की 18 फीसदी हिस्सेदारी
एक सीनियर बैंकर ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर मनीकंट्रोल को बताया, "मार्केट ने नोएल टाटा की नियुक्ति का स्वागत किया है। यह माना जा रहा है कि अब टाटा ग्रुप और एसपी ग्रुप के रिश्तों में सुधार आएगा।" इस उम्मीद का असर एसपी ग्रुप की कंपनियों के बॉन्ड्स पर पड़ा। टाटा संस में एसपी ग्रुप की 18 फीसदी हिस्सेदारी है। एसपी ग्रुप ने टाटा संस के अपने शेयरों को गिरवी रखने की कोशिश की थी, जिसका विरोध टाटा ग्रुप ने किया था। लेकिन, सुप्रीम कोर्ट ने उसे शेयर गिरवी रखने की इजाजत दे दी थी।