बाजार में जारी तेजी के बीच नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने अगस्त में 8 लाख से अधिक एक्टिव यूजर्स जोड़े। इससे प्लेटफॉर्म पर यूजर्स की कुल संख्या 3.27 करोड़ हो गई। एक्सचेंज की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में एक्टिव यूजर्स की संख्या 3.27 करोड़ थी, जो कि जुलाई के 3.19 करोड़ यूजर्स के आंकड़े से 2.5 प्रतिशत अधिक है। इस तरह 8.02 लाख यूजर्स बढ़े। एक साल की गिरावट के बाद, NSE के एक्टिव यूजर्स की संख्या में लगातार दूसरे महीने वृद्धि दर्ज की गई है। जुलाई 2023 में NSE ने 10 लाख से अधिक यूजर्स जोड़े थे। वर्तमान में, NSE के कुल एक्टिव यूजर्स में टॉप 5 डिस्काउंट ब्रोकरों की हिस्सेदारी 60.8 प्रतिशत है। एक महीने पहले यह हिस्सेदारी 61.2 प्रतिशत थी।
मेहता इक्विटीज के रिसर्च एनालिस्ट प्रशांत तापसे का कहना है कि घरेलू बाजारों में आशावाद बरकरार है। इसके चलते जुलाई 2023 में बाजार (NSE) 20K से ऊपर निकलकर ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। मिड और स्मॉल-कैप रैली, रिटेल इन्वेस्टर्स को आकर्षित करती हैं और स्टॉक एक्सचेंजेस में ट्रेड्स में भाग लेने वाले एक्टिव रिटेल इन्वेस्टर्स की संख्या में वृद्धि करती हैं। ज्यादा से ज्यादा एक्टिव यूजर्स लाने में प्राइमरी मार्केट की भी बराबर की हिस्सेदारी है। इस साल, अब तक लगभग 30 कंपनियां करीब 18,000 करोड़ रुपये जुटाने के लिए IPO लेकर आई हैं। SME क्षेत्र में 100 से अधिक कंपनियां लिस्ट हुई हैं और 2,500 करोड़ रुपये से अधिक जुटाए गए हैं।
Zerodha का क्लाइंट बेस हुआ 64 लाख
भारत के सबसे बड़े स्टॉक ब्रोकर Zerodha ने अपने क्लाइंट्स की संख्या में माह दर माह आधार पर 0.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। अब इसके क्लाइंट्स की संख्या 64 लाख हो चुकी है। वहीं Angle One के क्लाइंट की संख्या माह दर माह आधार पर 2.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए 47 लाख हो चुकी है। डीमैट अकाउंट्स की कुल संख्या के मामले में और इंक्रीमेंटल डीमैट बेसिस पर CDSL की बाजार हिस्सेदारी में बढ़ोतरी जारी है। सालाना आधार पर NSDL ने कुल/इंक्रीमेंटल डीमैट अकाउंट्स में 260 बेसिस पॉइंट्स (bps)/810 bps की बाजार हिस्सेदारी खो दी। 1 बेसिस पॉइंट, 0.01 प्रतिशत के बराबर है।