नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने एक बार फिर भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) को पत्र लिखकर कैपिटल मार्केट रेगुलेटर से अपने शेयरों की लिस्टिंग की दिशा में आगे बढ़ने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मांगा है। एनएसई के आईपीओ को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी एनओसी एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जो आठ साल से ज्यादा समय से अटका हुआ है। एनएसई ने अपने आईपीओ के लिए दिसंबर 2016 में ही ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर दिया था। एनएसई के 28 मार्च के पत्र में कहा गया है, " हम एनएसई के शेयरों की लिस्टिंग की दिशा में आगे की कार्रवाई करने के लिए एनओसी/अनुमति मांगने के लिए सेबी को यह अनुरोध पत्र प्रस्तुत कर रहे हैं, जिसमें सेबी के पास डीआरएचपी दाखिल करना भी शामिल है।"
