IMD Weather Update: पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर और इसके लगातार मजबूत होने से देश के मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 सितंबर को जारी अपने मौसम बुलेटिन में चेतावनी दी है कि उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में 22 से 24 सितंबर, दक्षिणी ओडिशा में 22 से 25 सितंबर, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में 23 से 25 सितंबर और विदर्भ में 24-25 सितंबर के दौरान अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 23 और 24 सितंबर को दक्षिणी ओडिशा व उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में और 24 सितंबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जगहों पर अत्यंत भारी बारिश होने के भी आसार हैं।
