साल 2024 में पूरे एशिया में IPO की संख्या में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) सबसे आगे रहा। इतना ही नहीं इसने प्राइमरी मार्केट में जुटाई गई इक्विटी कैपिटल के मामले में ग्लोबल रिकॉर्ड बनाया है। आंकड़ों के मुताबिक, 2024 में 268 IPO में से NSE पर 90 लिस्टिंग मेनबोर्ड सेगमेंट में रहीं और 178 SME सेगमेंट में। इन IPO के जरिए कुल मिलाकर लगभग 1.67 लाख करोड़ रुपये जुटाए गए। यह एक कैलेंडर वर्ष में आए IPO की सबसे ज्यादा संख्या है।
वैश्विक स्तर पर 2024 में IPO गतिविधि की बात करें तो गुजरे साल के दौरान 1,145 लिस्टिंग देखी गईं। 2023 में यह आंकड़ा 1,271 था। भारत एक बेहतरीन प्रदर्शनकर्ता के रूप में उभरा, जिसने पूरे एशिया की IPO एक्टिविटीज में लगभग एक चौथाई का योगदान दिया।
NSE ने एक बयान में कहा, "भारत पूरे एशिया में IPO एक्टिविटीज में सबसे आगे है, जहां NSE ने 268 कंपनियों को IPO के जरिए लगभग 1.67 लाख करोड़ रुपये की कुल धनराशि जुटाने में मदद की। इनमें हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड का 27,500 करोड़ रुपये का IPO शामिल है। यह भारत का सबसे बड़ा और वैश्विक स्तर पर दूसरा सबसे बड़ा IPO रहा।"
NSE ने अकेले ही जापान, हांगकांग और चीन को पछाड़ा
NSE के चीफ बिजनेस डेवलपमेंट ऑफिसर श्रीराम कृष्णन ने कहा कि आंकड़ों से पता चलता है कि NSE ने अकेले ही एशिया के अन्य टॉप एक्सचेंजों पर कुल मिलाकर दर्ज हुए IPOs की तुलना में ज्यादा संख्या में IPOs देखे हैं। इन टॉप एक्सचेंजों में जापान (जापान एक्सचेंज ग्रुप), हांगकांग (हांगकांग स्टॉक एक्सचेंज) और चीन (शंघाई स्टॉक एक्सचेंज) शामिल हैं। 2024 में जापान एक्सचेंज ग्रुप ने 93, हांगकांग स्टॉक एक्सचेंज ने 66 और शंघाई स्टॉक एक्सचेंज ने 101 IPO देखे।
1.59 लाख करोड़ रुपये आए 90 मनेबोर्ड IPOs से
उन्होंने कहा, "NSE ने वर्ष 2024 में IPO के जरिए सबसे अधिक लगभग 19.5 अरब डॉलर की धनराशि जुटाई है, जबकि NYSE ने 15.9 अरब डॉलर और शंघाई स्टॉक एक्सचेंज ने 8.8 अरब डॉलर जुटाए हैं। इसी तरह NASDAQ ने 16.5 अरब डॉलर और हांगकांग स्टॉक एक्सचेंज ने 10.4 अरब डॉलर जुटाए।"
NSE के मामले में जुटाए गए कुल फंड में से लगभग 1.59 लाख करोड़ रुपये 90 मनेबोर्ड IPOs से आए। इनमें रियल एस्टेट इनवेस्टमेंट ट्रस्ट (REITs), इंफ्रास्ट्रक्चर इनवेस्टमेंट ट्रस्ट (InVITs) और फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर (FPOs) शामिल नहीं हैं। इस बीच, 178 SMEs IPOs ने सामूहिक रूप से 7,349 करोड़ रुपये जुटाए।