NSE Index Rejig: बदलने वाला है Nifty 50 और Bank Nifty, इन शेयरों की होगी एंट्री तो इनकी विदाई

NSE Index Rejig: एनएसई के इंडेक्सेज का हर छह महीने पर रिव्यू होता है। ट्रेडर्स और इंवेस्टर्स की इस पर निगाहें लगी रहती हैं क्योंकि जिन स्टॉक्स को इंडेक्स में जगह मिलती है, उनमें भारी-भरकम निवेश आता है और जिन्हें बाहर किया जाता है, उससे निवेश भी बाहर जाता है। ऐसे में चेक करें कि 27 मार्च से क्या बदलाव होने वाले हैं?

अपडेटेड Mar 26, 2025 पर 11:31 AM
Story continues below Advertisement
नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की रिपोर्ट के मुताबिक निफ्टी 50 में शामिल होने पर जोमैटो में 60.2 करोड़ डॉलर और जियो फाइनेंशियल सर्विसेज में 30.8 करोड़ डॉलर का निवेश आ सकता है।

NSE Index Rejig: निफ्टी के इंडेक्सेज में बड़े बदलाव होने वाले हैं और ये कल यानी 27 मार्च से प्रभावी हो जाएंगे। हर छह महीने पर होने वाले बदलाव की यह कसरत इस बार मंथली एक्सपायरी के दिन ही हो रही है। इस बार के बदलाव के तहत 27 मार्च से इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 50 (Nifty 50) इंडेक्स में जोमैटो (Zomato) और जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (Jio Financial Services) शामिल होगा तो दूसरी तरफ ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज (Britannia Industries) और बीपीसीएल (BPCL) की निकासी होगी। इस एंट्री और एग्जिट से निवेश पर काफी फर्क पड़ता है। निफ्टी 50 में इस बदलाव के बाद पीई रेश्यो उछलकर 20.2x पर पहुंच जाएगा और ईपीएस गिरकर 1,171 पर आ जाएगा।

Nifty 50 में बदलाव से निवेश पर ये होगा असर

नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की रिपोर्ट के मुताबिक निफ्टी 50 में शामिल होने पर जोमैटो में 60.2 करोड़ डॉलर और जियो फाइनेंशियल सर्विसेज में 30.8 करोड़ डॉलर का निवेश आ सकता है। वहीं दूसरी तरफ निफ्टी 50 से बाहर होने पर ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज से 23.8 करोड़ डॉलर और बीपीसीएल से 22.5 करोड़ डॉलर की निकासी हो सकती है। इंडेक्स में बदलाव के चलते ग्रासिम इंडस्ट्रीज और अदाणी एंटरप्राइजेज में 90-90 लाख डॉलर, अल्ट्राटेक सीमेंट में 60 लाख डॉलर और सिप्ला में 50 लाख डॉलर का निवेश आ सकता है और इनका वेटेज बढ़ सकता है। वहीं दूसरी तरफ बजाज फाइनेंस से 7.9 करोड़ डॉलर, एचडीएफसी बैंक से 5.1 करोड़ डॉलर, रिलायंस इंडस्ट्रीज से 4.1 करोड़ डॉलर, आईसीआईसीआई बैंक से 3.5 करोड़ डॉलर और इंफोसिस से 2.4 करोड़ डॉलर से निकासी हो सकती है और इनके वेटेज में गिरावट आ सकती है।


Bank Nifty में हो रहे ये बदलाव

अब बैंक निफ्टी की बात करें तो एसबीआई, फेडरल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडसइंड बैंक, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक और केनरा बैंक का वेटेज बढ़ सकता है। वहीं दूसरी तरफ कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक का वेटेज कम होगा।

Nifty Next 50 में होंगे ये बदलाव

निफ्टी 50 से बाहर होने के बाद बीपीसीएल और ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज निफ्टी 50 इंडेक्स में शामिल होगा। इसके अलावा इंडियन होटल्स कंपनी, सीजी पावर, हुंडई मोटर इंडिया, बजाज हाउसिंग फाइनेंस और स्विगी भी निफ्टी नेक्स्ट 50 में शामिल होंगे। इस इंडेक्स में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, टोरेंट फार्मा, इंडिगो, चोलमंडलम फाइनेंस और वेदांता का वेटेज बढ़ेगा। इस इंडेक्स से जोमैटो और जियो फाइनेंशियल सर्विसेज बाहर निकलकर निफ्टी 50 में चले जाएंगे और भेल, एनएचपीसी, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, आईआरसीटीसी और अदाणी टोटल गैस बाहर निकल जाएंगे।

बाकी इंडेक्स में भी होंगे ये बदलाव

नुवामा के मुताबिक सरकारी स्टॉक्स के इंडेक्स निफ्टी सीपीएसई में पावर ग्रिड, बीईएल, ओएनजीसी, कोल इंडिया, एनएचपीसी, ऑयल इंडिया, कोचीन शिपयार्ड, एनबीसीसी (इंडिया), एनएलसी इंडिया और एसजेवीएन का वजन बढ़ेगा, जबकि एनटीपीसी का वजन घटने की संभावना है। वहीं निफ्टी आईटी इंडेक्स में एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज की जगह ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर को मिल सकती है।

निफ्टी मिडकैप 150 इंडेक्स की बात करें तो इसमें ब्लू स्टार, बीएचईएल, एनएचपीसी, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, ग्लेनमार्क, आईआरसीटीसी और मोतीलाल ओसवाल समेत 17 स्टॉक्स की एंट्री होगी। इस इंडेक्स में एंट्री होने पर स्टॉक्स में 20 लाख डॉलर से 90 लाख डॉलर तक का निवेश आ सकता है जिसमें से सबसे अधिक 90 लाख डॉलर ब्लूस्टार में और भेल में 80 लाख डॉलर में आ सकता है। दूसरी तरफ इंडियन होटल्स कंपनी, सीजी पावर, टाटा केमिकल्स, पूनावाला फिनकॉर्प और डेल्हीवरी समेत 17 स्टॉक्स इस इंडेक्स से बाहर निकलने वाले हैं। इसके चलते इंडियन होटल्स कंपनी से 2.3 करोड़ डॉलर तक की निकासी हो सकती है।

अब निफ्टी स्मॉलकैप 250 की बात करें तो इसमें टाटा केमिकल्स, डेल्हीवरी, वॉकहार्ट और कार्बोरंडम यूनिवर्सल जैसे 33 नए स्टॉक शामिल होंगे। वहीं दूसरी तरफ ब्लू स्टार, ग्लेनमार्क फार्मा, 360 वन डब्ल्यूएएम और नाल्को को इंडेक्स से हटाने की तैयारी है।

'स्पेक्ट्रम सरेंडर कर लो, पैसा चुकाने की क्षमता नहीं', Voda Idea ने लगाई गुहार

Mahindra के बाद अब Ashok Leyland भी आई सामने, SML Isuzu खरीदने की होड़, इस भाव पर होगा सौदा

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।