Nykaa Bounus Share: नायका ने बोनस शेयर के लिए बदला रिकॉर्ड डेट, 52-हफ्तों के निचले स्तर पर आए शेयर

Nykaa Bounus Share: नायका के नाम से कारोबार करने वाली कंपनी FSN ई-कॉमर्स वेंचर्स लिमिटेड ने बोनस शेयर के लिए पहले 3 नवंबर को रिकॉर्ड डेट तय किया था, लेकिन अब कंपनी ने इस तारीख बदल दिया है

अपडेटेड Oct 29, 2022 पर 10:57 AM
Story continues below Advertisement
Nykaa का प्री -आईपीओ इन्वेस्टर का लॉक इन पीरियड 10 नवंबर को खत्म होने वाला है
     
     
    live
    Volume
    Todays L/H
    Details

    नायका (Nykaa) के नाम से कारोबार करने वाली कंपनी FSN ई-कॉमर्स वेंचर्स लिमिटेड (FSN E-Commerce Ventures Ltd) ने बोनस शेयर जारी करने के लिए अपने रिकॉर्ड डेट में बदलाव किया है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंजों को भेजी सूचना में बताया कि बोनस शेयर (Bonus Share) के लिए योग्य शेयरधारकों की पात्रता तय करने की रिकॉर्ड तिथि (Record date) अब 11 नवंबर होगी। पहले कंपनी ने रिकॉर्ड डेट के लिए 3 नवंबर की तारीख तय की थी।

    Nykaa ने स्टॉक एक्सचेंजों को बताया, "हमने 3 अक्टबूर को भेजे एक लेटर में बताया था कि कंपनी के बोर्ड ने योग्य शेयरधारकों को 5:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी करने को मंजूरी दी है। अभी इसके लिए शेयरधारकों से मंजूरी लेना बाकी है। बोर्ड ने अब बोनस शेयर के लिए योग्य शेयरधारकों को निर्धारित करने की तारीख 11 नवंबर 2022 तय की है।"

    कब है Nykaa की एक्स-बोनस डेट

    नायका के बोर्ड ने बोनस शेयर जारी करने के लिए 11 नवंबर को रिकॉर्ड डेट तय किया है। इसका मतलब है कि यह शेयर एक दिन पहले यानी 10 नवंबर से एक्स-बोनस के तौर पर कारोबार करने लगेगा।


    रिकॉर्ड डेट और एक्स-बोनस डेट क्या है?

    रिकॉर्ड डेट वह तारीख होती है, जिस तारीख पर कंपनी उन निवेशकों को पहचानती है जो बोनस शेयर पाने के लिए मान्य हैं। वहीं एक्स-बोनस डेट किसी भी निवेशक के लिए शेयर खरीदने की आखरी तारीख है, अगर वो बोनस शेयर का फायदा लेना चाहता है। इस दिन के बाद एक नए बायर को बोनस शेयर नहीं मिल पाएगा।

    यह भी पढ़ें- बाल-बाल बचे 177 यात्री, इंडिगो के विमान में चिंगारी की सूचना पर दिल्ली हवाईअड्डे पर रोका गया एयरक्राफ्ट

    Nykaa ने बोनस शेयर के लिए रिकॉर्ड डेट का ऐलान ऐसे समय किया है, जब उसके शेयरों में रिकॉर्ड गिरावट देखी जा रही है। शुक्रवार 28 अक्टूबर को नायका के शेयर लुढ़ककर अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 975.00 रुपये पर पहुंच गए। साथ ही यह पहली बार था, जब नायका के शेयरों की कीमत 1,000 रुपये से नीचे आई थी।

    इस साल 52% गिर गए Nykaa के शेयर

    नायका के शेयर पिछले साल 10 नवंबर को स्टॉक एक्सचेंजों पर बंपर बढ़त के साथ 2001 रुपये के भाव पर सूचीबद्ध हुए थे। यह इसके 1,125 रुपये के IPO प्राइस से करीब 78 फीसदी अधिक था। स्टॉक एक्सचेंजों पर सूचीबद्ध होने के बाद इसके शेयर 26 नवंबर को 2,574 रुपये के भाव तक पहुंच गए थे, जो इसका अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है।

    हालांकि इसके बाद नायका के शेयरों में जो गिरावट का दौर शुरू हुआ, वह अब तक जारी है। पिछले एक महीने में नायका के शेयर करीब 22.57 फीसदी लुढ़के हैं। वहीं इस साल की शुरुआत से अब तक इसमें करीब 52.32 फीसदी की गिरावट आई है। विदेशी निवेशक कुछ समय से इस स्टॉक में भारी बिकवाली कर रहे है।

    Nykaa के शेयरों में आएगी और गिरावट?

    Nykaa का प्री -आईपीओ इन्वेस्टर का लॉक इन पीरियड 10 नवंबर को खत्म होने वाला है। पिछले कुछ हफ्तों से इस स्टॉक में भारी बिकवाली देखने को मिल रही है। JM फाइनेंशियल का कहना है कि Nykaa के करीब 67 फीसदी या 31.9 करोड़ शेयर लॉक इन एक्सपायरी के दिन खुलेंगे।

    Nykaa के ये निवेशक बेच सकेंगे अपने शेयर

    Steadview Capital Mauritius Ltd, TPG Growth IV SF Pte. Ltd, Lighthouse India Fund III के साथ ही हरिंदरपाल सिंह बंगा, नरोत्तम सेखसरिया और सुनील कांत मुंजाला जैसे निवेशक 10 नवंबर को लॉक इन पीरियड खत्म होने के बाद अपने शेयर बेच सकेंगे। ऐसे में कुछ एनालिस्ट का मानना है कि ऐसे निवेशक अपने पोर्टफोलियो को डायवर्सिफाइड करने के लिए नायका में अपनी पोजिशन कुछ हल्की कर सकते है।

    हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।