Ola Electric QIP: ओला इलेक्ट्रिक पर बड़ा अपडेट! QIP के जरिए जुटा रही फंड, जानिए वजह

Ola Electric QIP: मई में 7 महीने की सबसे ज्यादा बिक्री, पहली तिमाही के लिए बड़ा टारगेट और अब QIP के जरिए फंड जुटाने की तैयारी। आखिर ओला इलेक्ट्रिक को नए पैसे की जरूरत क्यों पड़ी और शेयर में गिरावट की वजह क्या है? जानिए पूरी डिटेल।

अपडेटेड Jun 01, 2026 पर 7:33 PM
Story continues below Advertisement
सोमवार, 1 जून को Ola Electric का शेयर 4.87% गिरकर 39.47 रुपये पर बंद हुआ।

Ola Electric QIP: भाविश अग्रवाल के मालिकाना हक वाली Ola Electric Mobility ने नई पूंजी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंपनी की फंडरेजिंग कमेटी ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) को मंजूरी दे दी है और इसके लिए 37.74 रुपये प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस तय किया है।

कंपनी ने बताया कि QIP इश्यू 1 जून 2026 को खुल गया है। इसके लिए सबसे पहले 25 अक्टूबर 2025 को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से मंजूरी मिली थी। इसके बाद 27 नवंबर 2025 को शेयरधारकों ने पोस्टल बैलेट के जरिए विशेष प्रस्ताव पारित कर इसकी अनुमति दी थी।

फ्लोर प्राइस कैसे तय हुआ?


Ola Electric के मुताबिक 37.74 रुपये प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस SEBI के ICDR नियमों के तहत तय किए गए फॉर्मूले के आधार पर निकाला गया है। कंपनी ने 1 जून 2026 को इसकी रेफरेंस डेट माना है।

कंपनी ने यह भी कहा है कि नियमों और शेयरधारकों की मंजूरी के तहत वह फ्लोर प्राइस पर अधिकतम 5% तक की छूट दे सकती है। हालांकि अंतिम इश्यू प्राइस बुक रनिंग लीड मैनेजर्स के साथ चर्चा के बाद तय किया जाएगा।

QIP क्या होता है

क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए कोई लिस्टेड कंपनी सीधे बड़े संस्थागत निवेशकों को नए शेयर बेचकर पैसा जुटाती है। जैसे कि से , जैसे म्यूचुअल फंड, बीमा कंपनियां, विदेशी निवेशक और बैंक। इससे कंपनी को कारोबार बढ़ाने, नए प्रोजेक्ट्स में निवेश करने, कर्ज कम करने या अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए पूंजी मिलती है।

हालांकि नए शेयर जारी होने की वजह से मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी का प्रतिशत थोड़ा कम हो जाता है, जिसे डाइल्यूशन कहा जाता है। इसी कारण QIP की खबर पर कई बार शेयर में दबाव भी देखने को मिलता है। दूसरी तरफ अगर कंपनी इस पैसे का सही इस्तेमाल करके कारोबार और मुनाफा बढ़ाने में सफल रहती है, तो लंबे समय में इसका फायदा शेयरधारकों को भी मिल सकता है।

निवेशकों के लिए दस्तावेज तैयार

फंडरेजिंग कमेटी ने 1 जून 2026 की तारीख वाले प्रारंभिक प्लेसमेंट दस्तावेज और आवेदन फॉर्म को भी मंजूरी दे दी है। ये दस्तावेज योग्य संस्थागत निवेशकों (QIBs) को भेजे जाएंगे ताकि वे शेयरों की सदस्यता के लिए आवेदन कर सकें।

कंपनी इस प्लेसमेंट दस्तावेज को स्टॉक एक्सचेंजों में भी दाखिल करेगी और अपनी वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराएगी।

मई में 7 महीने की सबसे ज्यादा बिक्री

फंड जुटाने की घोषणा के साथ ही ओला के लिए एक पॉजिटिव खबर भी आई। VAHAN डेटा के मुताबिक Ola Electric ने मई 2026 में 15,139 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे, जो पिछले 7 महीनों का सबसे ऊंचा मासिक बिक्री आंकड़ा है।

सालाना आधार पर बिक्री 20% कम रही, लेकिन अप्रैल 2026 में बिके 12,323 स्कूटरों के मुकाबले इसमें 23% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह लगातार तीसरा महीना है जब कंपनी की बिक्री में मासिक आधार पर वृद्धि हुई है।

पहली तिमाही का लक्ष्य कितना?

अप्रैल और मई को मिलाकर Ola Electric की कुल बिक्री 27,462 यूनिट्स रही है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के लिए 40,000 से 45,000 यूनिट्स बिक्री का लक्ष्य रखा है।

इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए कंपनी को जून महीने में 12,540 यूनिट्स से ज्यादा की बिक्री करनी होगी।

फिर भी शेयर क्यों गिरा?

मजबूत मासिक बिक्री और फंड जुटाने की घोषणा के बावजूद निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। QIP के जरिए नए शेयर जारी होने से मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी कुछ हद तक घट सकती है, जिसे बाजार अक्सर डाइल्यूशन के रूप में देखता है।

इसी बीच सोमवार, 1 जून को Ola Electric का शेयर 4.87% गिरकर 39.47 रुपये पर बंद हुआ।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।