इलेक्ट्रिक टूव्हीलर मेकर ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी आज, 7 अगस्त को अप्रैल-जून 2026 तिमाही के नतीजे जारी करने वाली है। पहले कंपनी के बोर्ड की मीटिंग होगी, जिसमें नतीजों को मंजूरी दी जाएगी। मीटिंग खत्म होने के बाद इन्हें रिलीज किया जाएगा। तिमाही रिजल्ट सामने आने से पहले कंपनी के शेयर में गिरावट है। बीएसई पर शेयर दिन में पिछले बंद भाव से 1 प्रतिशत तक टूटकर 41.01 रुपये के लो तक गया। कंपनी का मार्केट कैप 19000 करोड़ रुपये पर आ गया है।
जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के नतीजे जारी करने के दौरान ओला इलेक्ट्रिक ने उम्मीद जताई थी कि अप्रैल-जून 2026 तिमाही के दौरान उसका कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 500-550 करोड़ रुपये रहेगा। ऑर्डर 40000-45000 यूनिट रहेंगे। मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड घाटा सालाना आधार पर 42.5 प्रतिशत गिरकर 500 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले घाटा 870 करोड़ रुपये था।
ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर लगभग 91 प्रतिशत की गिरावट के साथ 56.6 करोड़ रुपये रहा था। मार्च 2025 तिमाही में यह 611 करोड़ रुपये था। खर्च कम होकर 546 करोड़ रुपये के रहे, जो मार्च 2025 तिमाही में 1306 करोड़ रुपये के थे। कंसोलिडेटेड ग्रॉस मार्जिन 38.5 प्रतिशत रहा था।
Ola Electric Mobility का शेयर 6 महीनों में 30 प्रतिशत चढ़ा
ओला इलेक्ट्रिक अगस्त 2024 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 6145.56 करोड़ रुपये का रहा था। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 6 महीनों में लगभग 30 प्रतिशत मजबूत हुआ है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 71.24 रुपये और एडजस्टेड लो 21.21 रुपये है।
डीलर पार्टनर्स के लिए खोला सेल्स और सर्विस नेटवर्क
कंपनी ने 6 अगस्त को घोषणा की थी कि वह देशभर में अपने सेल्स और सर्विस नेटवर्क को डीलर पार्टनर्स के लिए खोल रही है। यह कदम कंपनी की बाजार रणनीति में बड़ा बदलाव है। आने वाले महीनों में ओला इलेक्ट्रिक के स्टोर, ब्रांड और उत्पाद अनुभव केंद्रों के रूप में काम करेंगे। वहीं डीलर पार्टनर देशभर में लोकल सेल्स, सर्विस और विस्तार का मुख्य आधार बनेंगे, इस अनुभव को देश के हर कस्बे और मोहल्ले तक पहुंचाएंगे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।