सीमेंस एनर्जी इंडिया के शेयरहोल्डर 7 अगस्त को बंपर मुनाफे में हैं। इसकी वजह है शेयर में आया जबरदस्त उछाल। कंपनी के शेयर दिन में पिछले बंद भाव से लगभग 15 प्रतिशत तक चढ़े। BSE पर शेयर की कीमत 3733.10 रुपये के हाई तक गई। बाद में शेयर 12 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 3648.75 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर लगभग 1.30 लाख करोड़ रुपये हो गया है। सीमेंस एनर्जी ने एक दिन पहले तिमाही नतीजे जारी किए थे। अप्रैल-जून 2026 तिमाही में इसका मुनाफा सालाना आधार पर 67.8 प्रतिशत बढ़कर 440.9 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 262.7 करोड़ रुपये था।
ऑपरेशंस से रेवेन्यू 39.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2485.6 करोड़ रुपये रहा। जून 2025 तिमाही में रेवेन्यू 1784.6 करोड़ रुपये था। कुल खर्च 1949.5 करोड़ रुपये के रहे, जो जून 2025 तिमाही में 1485.1 करोड़ रुपये के थे। सीमेंस एनर्जी इंडिया अक्टूबर-दिसंबर को वित्त वर्ष के तौर पर फॉलो करती है।
जून 2026 तिमाही में कंपनी का EBITDA एक साल पहले से 72.1 प्रतिशत बढ़कर 585.7 करोड़ रुपये हो गया। ऑपरेटिंग मार्जिन बेहतर होकर 23.6 प्रतिशत हो गया, जबकि एक साल पहले यह 19 प्रतिशत था। कंपनी जून 2025 में सीमेन्स से अलग होकर शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी।
पावर ट्रांसमिशन बिजनेस से रेवेन्यू 42 प्रतिशत बढ़ा
30 जून 2026 तक सीमेंस एनर्जी इंडिया का ऑर्डर बैकलॉग 19,331 करोड़ रुपये का था। यह पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 16.4 प्रतिशत ज्यादा है। सेगमेंट के हिसाब से देखें तो कंपनी का पावर ट्रांसमिशन बिजनेस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 41.98 प्रतिशत बढ़कर 1,386.3 करोड़ रुपये हो गया। पावर जेनरेशन सेगमेंट का रेवेन्यू सालाना आधार पर 36.02 प्रतिशत बढ़कर 1,099.3 करोड़ रुपये हो गया।
Siemens Energy का शेयर 2026 में अब तक 43 प्रतिशत चढ़ा
सीमेंस एनर्जी इंडिया के शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 6 महीनों में 33 प्रतिशत और साल 2026 में अब तक 43 प्रतिशत मजबूत हुआ है। इसका BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 3,966.80 रुपये और एडजस्टेड लो 2,105.15 रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।