ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के शेयरों में 26 दिसंबर को शुरुआती कारोबार में 5.4 प्रतिशत तक की तेजी आई। BSE पर शेयर 37.28 रुपये के हाई तक गया। बाद में शेयर 2 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 36.19 रुपये पर बंद हुआ। शेयर में खरीद बढ़ने की अहम वजह है कि कंपनी को ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट्स के लिए प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम (PLI-ऑटो स्कीम) के तहत 366.78 करोड़ रुपये का इंसेंटिव जारी किया जाने वाला है। सरकार ने कंपनी के वित्त वर्ष 2024-25 से संबंधित दावों के लिए यह इंसेंटिव जारी किए जाने का निर्देश दिया है। यह पेमेंट ऑर्डर वित्त वर्ष 2024-25 के लिए तय सेल्स वैल्यू पर बेस्ड डिमांड इंसेंटिव के तहत है। शेयर में तेजी का यह लगातार छठा दिन है।
