Olectra Greentech Shares: इलेक्ट्रिक व्हीकल और पावर इंसुलेटर बनाने वाली कंपनी ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक (Olectra Greentech) के शेयरों में गुरुवार 24 जुलाई को जबरदस्त तेजी देखी गई। कंपनी के शेयर कारोबार के अंत में 16.78 फीसदी की तेजी के साथ 1,550 रुपये के भाव पर बंद हुए। कारोबार के दौरान एक समय यह शेयर 20% तक उछल गया था। पिछले तीन दिनों से इस शेयर में लगातार तेजी देखी जा रही है। इस दौरान इसमें करीब 23 फीसदी की तेजी आ चुकी है।
एक महीने में 33% से ज्यादा का रिटर्न
पिछले एक महीने में Olectra Greentech के शेयरों में 33.67% की तेजी आई है। हालांकि इस साल की शुरुआत से अब तक इसके शेयरों में महज 4.25 फीसदी की तेजी देखी गई है। गुरुवार को शेयर में आए इस उछाल के साथ कंपनी का मार्केट कैप ₹12,622 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
बीएसई पर कंपनी के शेयरों में करीब 18.82 लाख शेयरों का लेन-देन हुआ, जो कि इसके दो हफ्ते के औसत वॉल्यूम 47,000 शेयर से कई गुना ज्यादा है। इस दौरान काउंटर पर कुल टर्नओवर 278.97 करोड़ रुपये का रहा।
टेक्निकल चार्ट्स क्या दे रहे संकेत?
ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक के शेयरों का टेक्निकल चार्ट पर मोमेंटम मजबूत दिख रहा है। कंपनी के शेयर फिलहाल अपने 5-दिन, 10-दिन, 20-दिन, 30-दिन, 50-दिन, 100-दिन, 150-दिन और 200-दिन के सिंपल मूविंग एवरेज (SMA) से ऊपर कारोबार कर रहे हैं।
इसका 14-दिनों का रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) 82.20 पर है, जो बताता है कि स्टॉक फिलहाल ओवरबॉट जोन में है। आमतौर पर 70 से अधिक के RSI आंकड़े को ओवरबॉट माना जाता है।
वैल्यूएशन और फाइनेंशियल्स
ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक के शेयरों का P/E रेशियो फिलहाल 88.09 पर है और इसका P/B वैल्यू 12.48 है। शेयर का अर्निंग प्रति शेयर (EPS) 17 रुपये है। वहीं रिटर्न ऑन इक्विटी (RoE) 14.17% है।
Olectra Greentech, मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MEIL) की सहायक कंपनी है। यह भारत में इलेक्ट्रिक बसों की मैन्युफैक्चरिंग करती है। इसके अलावा यह सिलिकॉन रबर / कंपोजिट इंसुलेटर बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी भी है। इन इंसुलेटर का इस्तेमाल पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के लिए होता है। जून 2025 तक कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 50.02% रही।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।