Omaxe Share Price: गिरते बाजार में रियल्टी स्टॉक को लगे पंख, भरी 20% तक की उड़ान

Omaxe Share Price: ओमैक्स ने शेयर बाजारों को बताया है कि 19 होटलों में से 12 उत्तर प्रदेश में बनाए जाएंगे। नई दिल्ली, फरीदाबाद और उज्जैन में भी एक-एक होटल बनाया जाएगा, साथ ही चंडीगढ़, अमृतसर और लुधियाना में 4 होटल बनेंगे

अपडेटेड Jun 29, 2026 पर 2:53 PM
अगले 4-5 सालों में Omaxe 5 राज्यों के 13 शहरों में मौजूद होगी।

रियल एस्टेट सेक्टर की कंपनी ओमैक्स लिमिटेड के शेयरहोल्डर 29 जून को जबरदस्त मुनाफे में हैं। शेयर की कीमत दिन में पिछली क्लोजिंग से लगभग 20 प्रतिशत तक उछली। BSE पर भाव 93.04 रुपये के हाई तक गया और अपर प्राइस बैंड हिट हुआ। लेकिन सर्किट नहीं लगा। दरअसल कंपनी ने डेडिकेटेड हॉस्पिटैलिटी बिजनेस वर्टिकल की घोषणा की है। इसमें 6,200 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इसके तहत अगले 4-5 सालों में 5 राज्यों में लगभग 50 लाख वर्ग फुट में फैले 19 होटल बनाने की योजना है।

कंपनी लगभग 6,200 करोड़ रुपये का निवेश अगले 4-5 सालों में, अलग-अलग चरणों में करना चाहती है। ओमैक्स ने शेयर बाजारों को बताया है कि 19 होटलों में से 12 उत्तर प्रदेश में बनाए जाएंगे। उत्तर प्रदेश में अयोध्या में 2, लखनऊ में 3, प्रयागराज, गाजियाबाद और गोरखपुर में 1-1, कौशांबी में 2 और वृंदावन में 2 होटल शामिल हैं। Omaxe नई दिल्ली, फरीदाबाद और उज्जैन में भी एक-एक होटल बनाएगी, साथ ही चंडीगढ़, अमृतसर और लुधियाना में 4 होटल बनाएगी। इनमें से चंडीगढ़ में 2 होटल बनाए जाएंगे।

सालाना 1000 करोड़ के रेवेन्यू का अनुमान


कुल मिलाकर, अगले 4-5 सालों में Omaxe 5 राज्यों के 13 शहरों में मौजूद होगी। ओमैक्स का अनुमान है कि हॉस्पिटैलिटी कारोबार पूरी तरह से स्थिर होने के बाद अच्छी कमाई कर सकता है। अगर सभी प्रोजेक्ट समय पर पूरे होते हैं, होटल में अच्छी ऑक्यूपेंसी रहती है, बाजार की स्थिति अनुकूल रहती है, तो यह कारोबार सालाना करीब 1,000 करोड़ रुपये का रेवेन्यू कमा सकता है। कंपनी उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के साथ अपने PPP प्रोजेक्ट्स के जरिए उत्तर प्रदेश में ट्रांजिट-ओरिएंटेड हॉस्पिटैलिटी इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित करेगी।

Kotak Mahindra Bank Share Price: MD और CEO के जाने की खबर से निवेशक टेंशन में, शेयर 3% तक लुढ़का

Omaxe का शेयर 3 महीनों में 37 प्रतिशत मजबूत

शेयर में आई बंपर तेजी से ओमैक्स का मार्केट कैप बढ़कर 1600 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर 3 महीनों में 37 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 74.14 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 110.05 रुपये और एडजस्टेड लो 62.85 रुपये है। कंपनी का जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 161.49 करोड़ रुपये रहा। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान रेवेन्यू 453.64 करोड़ रुपये था।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।