OMC Stocks : पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़त के बावजूद BPCL, HPCL, IOC के शेयर 2% तक गिरे, जानिए अब इनमें क्या हो रणनीति
OMC Stocks : पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 3 रुपये की बढ़ोतरी के बावजूद तेल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई है। ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बावजूद,यह बढ़ोतरी बाज़ार की उम्मीदों से कम रही। अगर कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहती हैं तो ईंधन की कीमतों में और बढ़ोतरी की संभावना है
OMC Stocks : अनुज सिंघल का कहना है कि OMCs का सबसे अच्छा समय शायद गुजर चुका है। जब कच्चा तेल नीचे था तो इन कंपनियों ने बहुत पैसा बना लिया था। अब ये कंपनियां वापस मुनाफे के लिए संघर्ष करेंगी
OMC Stocks : देश भर में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बावजूद,शुक्रवार को शुरुआती कारोबारी सेशन में दिग्गज ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के शेयर दबाव में नजर आ रहे हैं। इस शेयरों को लेकर निवेशकों का उत्साह ठंडा नजर आ रहा है,क्योंकि यह बढ़त बाजार की उम्मीदों से कम रही है। ऐसे समय में, जब ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतें लगातार ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं, ईंधन की कीमतों में ज्यादा बढ़त की उम्मीद थी।
इस शेयरों की चाल पर नजर डालें तो फिलहाल भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड 2.02 प्रतिशत गिरकर 289.05 रुपये पर आ गया। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड 2.17 प्रतिशत गिरकर 369.35 रुपये पर दिख रहा है। जबकि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड 1.65 प्रतिशत गिरकर 137.94 रुपये पर ट्रेड कर रहा है।
15 मई को तेल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने बड़े शहरों में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें 3 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा बढ़ा दीं। चार साल से भी ज़्यादा समय में यह पहली बार है जब ईंधन की कीमतों में बढ़ोत्तरी की गई है। ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के कारण सरकारी रिटेल ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को लगातार बढ़ते नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। इसके ईंधन का कीमतों में बढ़त की गई है। दिल्ली में CNG के भी दाम भी 2 रुपए प्रति किलो बढ़े हैं।
हालिया बढ़ोतरी के बाद,बाजार पर नजर रखने वालों का अनुमान है कि अगर कच्चे तेल की कीमतें मौजूदा स्तर पर बनी रहती हैं तो ईंधन की कीमतों में और बढ़त से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस हफ्ते की शुरुआत में,केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने 12 मई को CII के सालाना शिखर सम्मेलन में बोलते हुए कहा था कि भारतीय तेल कंपनियों को इस समय हर दिन लगभग 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कुल घाटा 1,98,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों पर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़त के कारण दबाव बढ़ता जा रहा है। पिछले महीने जारी एक रिपोर्ट में ब्रोकरेज फर्म कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज़ ने अनुमान लगाया था कि कच्चे तेल की कीमतों के लगातार ऊंचे रहने के कारण रिफाइनरों पर हर महीने लगभग 27,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
भारत अपने कच्चे तेल की जरूरत का लगभग 85 प्रतिशत आयात करता है। देश ग्लोबल एनर्जी संकट को लेकर बहुत ज्यादा संवेदनशील है। हाल के महीनों में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ के आस-पास आपूर्ति से जुड़ी चिंताओं के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क तेल की कीमतें इस समय लगभग 107 डॉलर प्रति बैरल के आस-पास बनी हुई हैं। एक समय तो ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल से भी ऊपर पहुंच गई थीं।
महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल
पेट्रोल-डीजल के दाम 4 साल बाद बढ़े है। इनके दाम में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में पेट्रोल का दाम 94.77 रुपए से बढ़कर 97.77 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं, यहां डीजल 87.67 रुपए से बढ़कर 90.67 रुपए प्रति लीटर पर आ गया है। मंबई में पेट्रोल का दाम 3.30 रुपए बढ़कर 106.64 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं, यहां डीजल 3.11 रुपए बढ़कर 93.14 रुपए प्रति लीटर पर आ गया है। प्रीमियम पेट्रोल के दाम भी 2 रुपए प्रति लीटर बढ़े हैं।
अब क्या हो OMC कंपनियों पर निवेश रणनीति?
सीएनबीसी-आवाज़ के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल का कहना है कि ऑयल कंपनियों से कोई सहानुभूति नहीं होनी चाहिए। ऑयल कंपनियां शायद कहें कि इतनी हाइक काफी नहीं है। ऑयल कंपनियों का काम ही हमेशा शिकायत करना है। जब कच्चा तेल गिरता है,तब ये दाम नहीं घटातीं। पिछले 2 साल से कंपनियां रिकॉर्ड मुनाफा बना रही थीं। पिछली कुछ तिमाहियों में इन्होंने 10-15 फीसदी से ज्यादा का मार्जिन कमाया है। अगर कच्चा तेल वापस नीचे आया तो क्या ये दाम कम करेंगी? नहीं ऐसे में कहेंगी कि पिछला घाटा पूरा करना है।
OMCs ने कमाया रिकॉर्ड मुनाफा
HPCL ने FY24 में 14,694 करोड़ रुपए मुनाफा कमाया था। वहीं, इसने FY25 में 7,365 करोड़ रुपए मुनाफा कमाया। BPCL ने FY24 में 26,859 करोड़ रुपए मुनाफा कमाया था। वहीं, इसने FY25 में 13,337 करोड़ रुपए मुनाफा कमाया। IOC ने FY24 में 39,619 करोड़ रुपए मुनाफा कमाया था। वहीं, इसने FY25 में 12,962 करोड़ रुपए मुनाफा कमाया। इस तरह इन तीनों कंपनियों ने FY24 में कुल 81,172 करोड़ रुपए का और FY25 में कुल 33,664 करोड़ रुपए मुनाफा कमाया था।
OMCs में अब क्या बनाएं रणनीति ?
अनुज सिंघल का कहना है कि OMCs का सबसे अच्छा समय शायद गुजर चुका है। जब कच्चा तेल नीचे था तो इन कंपनियों ने बहुत पैसा बना लिया था। अब ये कंपनियां वापस मुनाफे के लिए संघर्ष करेंगी। HPCLपहले ही बोल चुका है कि Q1 में लॉस होगा। इन कंपनियों को अब FY24 वाली वैल्यूएशन्स नहीं मिलेंगी। आज अगर रैली आए तो बिकवाली का मौका होगा। हां,अगर अगले कुछ हफ्तों में और प्राइस हाइक हुई तो बात अलग है। मगर अगले कुछ तिमाहियों में यहां बड़ा पैसा नहीं बनेगा। अगर कच्चा तेल वापस गिरे तभी इन शेयरों को देखिए।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।