शेयर बाजार पर दिखेगा 'ऑपरेशन सिंदूर' का असर? सेंसेक्स-निफ्टी में कितनी आ सकती है गिरावट? एक्सपर्ट्स से जानें

Operation Sindoor impact on Stock Markets: भारत ने पहलगाम आंतकी हमले के जवाब में आज 7 मई की सुबह 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में कम से कम 9 आतंकी ठिकानों पर हमले किए। भारत की इस कार्रवाई के बाद आज शेयर बाजारों में हल्की गिरावट तो देखी गई, लेकिन कोई बड़ी गिरावट नहीं आई

अपडेटेड May 07, 2025 पर 10:43 AM
मार्केट एनालिस्ट्स का कहना है कि शेयर बाजार पहले से ही इस कार्रवाई की उम्मीद कर रहा था

Operation Sindoor impact on Stock Markets: भारत ने पहलगाम आंतकी हमले के जवाब में आज 7 मई की सुबह 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में कम से कम 9 आतंकी ठिकानों पर हमले किए। भारत की इस कार्रवाई के बाद आज शेयर बाजारों में हल्की गिरावट तो देखी गई, लेकिन कोई बड़ी गिरावट नहीं आई। सुबह के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में मामूली गिरावट दर्ज की गई। एनालिस्ट्स का कहना है कि शेयर बाजार को इस तरह की कार्रवाई का पहले से ही अनुमान लगाकर चल रहा था, इसलिए बाजार को इस घटना से कोई शॉक नहीं लगा है।

उन्होंने कहा भारत की कार्रवाई काफी केंद्रिंत, नपी तुली और गैर-आक्रामक थी, जिसमें किसी भी पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान को निशाना नहीं बनाया गया था। इसके चलते निवेशकों में कोई घबराहट देखने को मिली। शेयर बाजार के निवेशकों में मौजूद घबराहट का संकेत देने वाला, इंडिया VIX इंडेक्स में महज 1.73 प्रतिशत की उछाल आई और यह 19.33 के स्तर पर पहुंच गया। यह दिखाता है कि बाजार की अस्थिरता अभी सीमित है और निवेशकों में कोई खास डर नहीं है।

शुरुआती कारोबार में, बीएसई सेंसेक्स 0.2% यानी 155.7 अंक गिरकर 80,641 पर कारोबार कर रहा था। वहीं एनएसई निफ्टी 0.3% यानी 81.55 अंक टूटकर 24,379 के स्तर पर आ गया था। हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में इसकी तुलना में अधिक गिरावट देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 150 इंडेक्स 2 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 2.2 फीसदी लुढ़ककर कारोबार कर रहे थे।


बीएसई पर कुल 4,072 शेयरों में कारोबार दिखा। इसमें से 3,209 शेयरों में गिरावट देखी गई, जबकि केवल 742 शेयरों बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।। निफ्टी के टॉप लूजर्स में अदाणी एंटरप्राइजेज, जियो फाइनेंशियल, एसबीआई लाइफ, ट्रेंट और इटरनल के शेयर शामिल रहे।

मार्केट एनालिस्ट्स क्या कह रहे हैं?

कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी रिसर्च हेड, श्रीकांत चौहान ने कहा, "भारत और पाकिस्तान के बीच भू-राजनीतिक तनाव ने बीते कुछ हफ्तों से चल रही बाजार की तेजी पर ब्रेक लगा दिया है। हालांकि निफ्टी में 200–400 अंकों की गिरावट संभव है, लेकिन जब तक यह स्थिति पूर्ण युद्ध में नहीं बदलती, तब तक बड़ी गिरावट की संभावना कम है।"

वहीं जियोजित फाइनेंशियल के वीके विजयकुमार ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर की सबसे खास बात यह रही है कि इसकी रणनीति स्पष्ट, सटीक और गैर-आक्रामक रही है। शेयर बाजारों पर इसका ज्यादा असर इसलिए नहीं पड़ा क्योंकि बाजार पहले से ही इस कार्रवाई की उम्मीद कर रहा था। अब देखना यह होगा कि पाकिस्तान की ओर से कैसी प्रतिक्रिया आती है। मार्केट की इस पर पैनी नजर रहेगी।"

इसके अलावा शेयर बाजार की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक पर भी टिकी है, जिसके नतीजे आज 7 मई की रात में आने वाले हैं। उम्मीद है कि फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को यथावत बनाए रखेगा। लेकिन उसके चेयरमैन जेरोम पॉवेल की महंगाई और आर्थिक ग्रोथ पर की गई टिप्पणी से बाजार की चाल प्रभावित हो सकती है।

क्या था ऑपरेशन सिंदूर?

भारतीय सेना ने बुधवार सुबह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की घोषणा की, जिसका उद्देश्य पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करना था। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। सेना के अनुसार, यह हमला केंद्रित, सीमित और गैर-उकसावे वाला था, जिसमें पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना नहीं बनाया गया।

यह भी पढ़ें- Operation Sindoor : भारत ने पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया, सेना ने कहा 'न्याय हुआ'

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।