आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में ऑरेकल अहम खिलाड़ी बनकर उभर रही है। पिछले हफ्ते कंपनी का स्टॉक 14 पर्सेंट तक चढ़ गया और यह अपने ऑल टाइम हाई पर भी पहुंच गया। टेक्नोलॉजी शेयरों के लिए अगस्त का महीना मुश्किल भरा रहा है और ऐसे में ऑरेकल की मजबूत परफॉर्मेंस उल्लेखनीय है। इस साल कंपनी के शेयरों में 54 पर्सेंट तक की बढ़ोतरी देखने को मिल चुकी है और 2024 के दौरान अमेरिकी बाजार में यह एनवीडिया (Nvidia) के बाद सबसे बेहतर परफॉर्मेंस वाला स्टॉक है।
ऑरेकल के स्टॉक में यह तेजी कंपनी के बेहतर रेवेन्यू अनुमानों की वजह से हो रही है। कंपनी का रेवेन्यू 2026 तक 66 अरब डॉलर हो जाने का अनुमान है और इसने 2029 तक इसके लिए 104 अरब डॉलर का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। इसका मतलब है कि 2026 से 2029 के बीच कंपनी की सालाना रेवेन्यू ग्रोथ 16% रहेगी, जो इंडस्ट्री के अनुमानित ग्रोथ रेट 9% से काफी ज्यादा है।
बार्कलेज के एनालिस्ट राइमो लेन्स्चो के मुताबिक, ऑरेकल की सफलता का श्रेय उसकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्षमताओं को जाता है। उन्होंने बताया, ' ऑरेकल ने ऐसे AI टूल डिवेलप किए हैं, जो कंपनी की सॉफ्टवेयर सर्विसेज को बेहतर बनाता है और इस तरह ये सेवाएं ज्यादा ताकतवर होती हैं।' जानकारों का मानना है कि ऑरेकल की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सर्विसेज इसकी ग्रोथ को बढ़ावा देती रहेंगी।
कंपनी के फाउंडर बने दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स
ऑरेकल के फाउंडर और चेयरमैन लैरी एलिस्न दुनिया के दूसरे अमीर शख्स बन गए हैं। उन्होंने एमेजॉन के फाउंडर जेफ बेजोस को पछाड़कर यह मुकाम हासिल किया है। ऑरेकल के शेयरों के रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद लैरी एलिस्न ने यह मुकाम हासिल किया है। फोर्ब्स की रियल-टाइम अरबपतियों की लिस्ट के मुताबिक, 13 सितंबर को एलिस्न का नेट वर्थ 8.1 अरब डॉलर बढ़कर 206 अरब डॉलर पर पहुंच गया। सबसे अमीर शख्स की लिस्ट में इलॉन मस्क पहले नंबर पर बने हुए हैं।