Page Industries Q2 Results: Jockey और Speedo जैसे ब्रांड के प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी Page Industries के शेयरों में गुरुवार, 12 नवंबर को बड़ी गिरावट आई। सितंबर तिमाही के नतीजे आने के बाद शेयर 12.5% तक टूट गया। कंपनी का रेवेन्यू और मुनाफा बढ़ा, लेकिन ग्रोथ की रफ्तार धीमी रही। मार्जिन पर भी दबाव दिखा।
रेवेन्यू 11.5% बढ़ा, मुनाफे में मामूली बढ़ोतरी
Page Industries का सितंबर तिमाही में रेवेन्यू 11.5% बढ़कर ₹1,439.6 करोड़ हो गया। नेट प्रॉफिट 3.8% बढ़कर ₹202.5 करोड़ रहा। एक साल पहले कंपनी ने ₹195 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया था।
EBITDA भी 7.4% बढ़कर ₹300.2 करोड़ हो गया। हालांकि, EBITDA मार्जिन 0.8 फीसदी घटकर 20.8% रह गया। एक साल पहले यह 21.6% था।
बिक्री की रफ्तार उम्मीद से धीमी
तिमाही के दौरान पेज इंडस्ट्रीज ने 5.97 करोड़ पीस बेचे। बिक्री की मात्रा में सालाना आधार पर 5.5% की बढ़ोतरी हुई। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में भी वॉल्यूम ग्रोथ 5.6% रही। जबकि जून तिमाही में मैनेजमेंट ने पूरे साल बिक्री की मात्रा में दहाई अंकों में बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा था।
मैनेजिंग डायरेक्टर वीएस गणेश के मुताबिक, कच्चे माल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। इसके बावजूद कंपनी का मुनाफा तय दायरे में रहा। उन्हें आने वाले महीनों में मांग बढ़ने की उम्मीद है। कंपनी को त्योहारी सीजन से भी बिक्री में तेजी आने की आस है।
FEMA नियमों के उल्लंघन का मामला
पेज इंडस्ट्रीज ने अपने नतीजों के साथ बताया कि उसने Jockey और Speedo के आयातित प्रोडक्ट की ऑनलाइन बिक्री बिना फिजिकल रिटेल स्टोर के की थी। मैनेजमेंट ने माना कि यह FEMA के तहत विदेशी निवेश से जुड़े रिटेल कारोबार के नियमों के मुताबिक नहीं था।
कंपनी ने 20 मई 2026 को RBI के पास इस मामले में जुर्माना तय करने और भुगतान की प्रक्रिया के लिए आवेदन किया था। लेकिन 16 अक्टूबर को RBI ने आवेदन लौटाते हुए पहले केंद्र सरकार से पिछली तारीख से मंजूरी लेने को कहा। कंपनी अब यह मंजूरी लेने की प्रक्रिया में है। इसके बाद RBI में दोबारा आवेदन करेगी।
कितना जुर्माना लगने की संभावना
पेज इंडस्ट्रीज का मानना है कि इस मामले में जुर्माना लगने की संभावना है और इसका वित्तीय असर बड़ा नहीं होगा। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील एचपी रानिना ने इस आकलन पर सवाल उठाया है। उनके मुताबिक, FEMA उल्लंघन का असर कितना बड़ा होगा, इसका स्वतंत्र आकलन जरूरी है।
नतीजों के बाद Page Industries का शेयर 12.91% गिरकर ₹31,850 पर बंद हुआ। इस गिरावट के साथ शेयर इस साल अब तक करीब 7% नीचे आ चुका है। पिछले 1 साल में स्टॉक 21.78% टूट चुका है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।