गुरुवार, 12 नवंबर को लेमन ट्री होटल्स लिमिटेड के शेयरों में दिन में 7% तक की तेजी दिखी। BSE पर शेयर ₹123.30 के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर ₹9500 करोड़ से ज्यादा हो गया। दरअसल ग्लोबल इनवेस्टमेंट बैंकिंग फर्म CLSA ने इस स्टॉक पर अपना बुलिश रुख दोहराया है। CLSA ने लेमन ट्री होटल्स के लिए "आउटपरफॉर्म" रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस ₹163 प्रति शेयर दिया है। यह शेयर के पिछले बंद भाव से 41.6% ज्यादा है।
CLSA के अनुसार, लेमन ट्री होटल्स का जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में प्रदर्शन रिकॉर्ड स्तर पर रहा। कंपनी का रेवेन्यू, अनुमान से अधिक रहा। इसमें एवरेज रूम रेट (ARR) और ऑक्यूपेंसी (कमरों की बुकिंग) दोनों में हुई बढ़ोतरी का बड़ा योगदान रहा। कंपनी का मार्जिन अनुमान से बेहतर रहा और पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले इसमें सुधार दिखा।
CLSA ने आगे कहा कि लेमन ट्री होटल्स वित्त वर्ष 2027 में 2,000 कमरे/यूनिट्स खोलने की राह पर है, और वित्त वर्ष 2028 से इसमें और तेजी आने की उम्मीद है। कंपनी को उम्मीद है कि बड़े पैमाने पर चल रहे रेनोवेशन कार्य के पूरा होने और नई 'कीज़' से मिलने वाले ऑपरेटिंग लेवरेज के चलते मार्जिन में और सुधार आएगा।
Lemon Tree Hotels को कितना मुनाफा
लेमन ट्री होटल्स का जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 63.7% बढ़कर ₹56.6 करोड़ हो गया। एक साल पहले यह ₹34.6 करोड़ था। रेवेन्यू 18% बढ़कर ₹361.4 करोड़ हो गया। सितंबर 2025 तिमाही में यह ₹306.3 करोड़ था। सितंबर 2026 तिमाही में EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमोर्टाइजेशन से पहले की कमाई) 22.2% बढ़कर ₹159.7 करोड़ हो गई। EBITDA मार्जिन पिछले साल की इसी अवधि के 42.7% से बढ़कर 44.2% हो गया।
शेयर एक साल में 25% लुढ़का
शेयर की फेस वैल्यू ₹10 है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई ₹167.90 और एडजस्टेड लो ₹99.70 है। शेयर 3 महीनों में 10% चढ़ा है। वहीं एक साल में 25% नीचे आया है। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 22.32% हिस्सेदारी थी। लेमन ट्री होटल्स के स्टॉक पर नजर रखने वाले 27 एनालिस्ट्स में से 25 ने इसे "बाय" रेटिंग दी है। 2 ने "होल्ड" की सलाह दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।