Pakistan Stock Market: एक तरफ जहां भारत सहित पूरी दुनिया के शेयर बाजारों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान का स्टॉक मार्केट नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सोमवार को KSE-100 इंडेक्स 1,378.34 अंकों की बढ़त के साथ 84,910.29 पर बंद हुआ, जो 1.65% की उछाल है। दिन के कारोबार के दौरान यह 85,047.81 के स्तर तक पहुंच गया। इसके साथ ही पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज (PSX) ने पहली बार 85,000 अंक के स्तर को पार करते हुए एक नया इंट्राडे रिकॉर्ड बनाया।
यह तेजी ऐसे समय में आई है जब एशिया और यूरोप के लगभग सभी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजार भारी उठापटक का सामना कर रहे हैं। यहां तक कि अमेरिका में भी, उम्मीद से अधिक मजबूत लेबर डेटा ने अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में अधिक कटौती की संभावना को कम कर दिया है। इससे ग्लोबल मार्केट्स का सेंटीमेंट और अधिक कमजोर हो गया है।
इंटरनेशनल मॉनिटरी फंड (IMF) की ओर से पाकिस्तान को 7 अरब डॉलर का लोन मंजूर किया गया है, जो देश की अर्थव्यवस्था को स्थिर करने में मदद करेगा। इसके साथ ही, बैंकों और एनर्जी सेक्टर में मजबूत प्रदर्शन ने भी इस तेजी को बल दिया है। एनर्जी सेक्टर की कंपनियों, जैसे पाकिस्तान पेट्रोलियम लिमिटेड (PPL) और पाकिस्तान स्टेट ऑयल (PSO) ने भी अच्छे नतीजे दिखाए हैं।
इसके अलावा घरेलू निवेशकों और इंस्टीट्यूशनल की ओर से भारी खरीदारी से भी पाकिस्तानी बाजार को सपोर्ट मिला है। पिछले सप्ताह KSE-100 इंडेक्स में 2,200 अंकों की तेजी दर्ज की गई थी।
दूसरी ओर, भारतीय बाजार में गिरावट देखी गई। बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी ने पिछले एक साल की सबसे लंबी गिरावट का सामना किया। सोमवार को सेंसेक्स 638 अंकों की गिरावट के साथ 81,050 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 219 अंकों की गिरावट के साथ 24,798 पर आ गया। पिछले तीन सत्रों में भारतीय निवेशकों की संपत्ति में ₹22 लाख करोड़ की गिरावट आई है।