फार्मास्यूटिकल्स कंपनी पैनेसिया बायोटेक के शेयरहोल्डर्स के लिए 8 जनवरी का दिन शानदार रहा। दिन में शेयर में 16.5 प्रतिशत तक की तेजी दिखी और BSE पर कीमत 447.35 रुपये के हाई तक गई।बाद में शेयर 12.5 प्रतिशत बढ़त के साथ 431.65 पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 2600 करोड़ रुपये है। दरअसल कंपनी ने अपने डेंगू वैक्सीन कैंडिडेट 'डेंगीऑल' के फेज III क्लिनिकल ट्रायल में एनरोलमेंट पूरा होने की घोषणा की है।
एक रेगुलेटरी अपडेट में कंपनी ने बताया कि लेट स्टेज ट्रायल में कुल 10,335 पार्टिसिपेंट्स को शामिल किया गया। वैक्सीन या प्लेसबो लेने के बाद हर पार्टिसिपेंट की दो साल तक निगरानी की जाएगी ताकि डेंगीऑल की प्रभावशीलता और इम्यूनोजेनेसिटी को परखा जा सके।
डेंगीऑल हो सकती है पहली स्वदेशी सिंगल डोज डेंगू वैक्सीन
डेंगीऑल एक टेट्रावेलेंट डेंगू वैक्सीन है, जिसे भारत में विकसित किया जा रहा है और इसे सिंगल शॉट फॉर्मूलेशन के रूप में डिजाइन किया गया है। यह वैक्सीन एक ही डोज में सभी चार डेंगू वायरस सेरोटाइप DEN1, DEN2, DEN3 और DEN4 के जीवित, कमजोर स्ट्रेन का इस्तेमाल करती है। पैनेसिया बायोटेक ने कहा कि डेंगीऑल के देश की पहली स्वदेशी सिंगल डोज डेंगू वैक्सीन होने की उम्मीद है। यह 2027 तक मार्केट में लॉन्च हो सकती है। कंपनी साल 2008 से इस वैक्सीन पर काम कर रही है।
Panacea Biotec शेयर 2 साल में 117 प्रतिशत उछला
पैनेसिया बायोटेक के शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। शेयर 2 साल में 130 प्रतिशत चढ़ा है। एक महीने में यह 32 प्रतिशत मजबूत हुआ है। कंपनी में सितंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 72.48 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 581 रुपये और एडजस्टेड लो 282.15 रुपये है। कंपनी का जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 90.81 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025 में रेवेन्यू 309.85 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।