Park Medi World Share Price: एक डील से 9% तक भागा हॉस्पिटल चेन का शेयर, इस साल अब तक 88% रिटर्न

Park Medi World Share Price: कंपनी V3 हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड को खरीदने जा रही है। यह 'द मेडिसिटी हॉस्पिटल' के नाम से एक मल्टी सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल चलाती है। यह कुमाऊं रीजन में सबसे बड़ा हॉस्पिटल है

अपडेटेड May 25, 2026 पर 1:03 PM
Story continues below Advertisement
पार्क मेडी वर्ल्ड उत्तर भारत में पार्क हॉस्पिटल ब्रांड के तहत हॉस्पिटल चेन चलाती है।

पार्क मेडी वर्ल्ड के शेयरों में 25 मई को दिन में लगभग 9 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। बीएसई पर शेयर 281.95 रुपये के हाई तक गया, जो इसका 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर भी है। कंपनी का मार्केट कैप 12100 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर में तेजी की वजह एक ऐलान है। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि उसके बोर्ड ने V3 हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड की खरीद को मंजूरी दे दी है। यह कंपनी 'द मेडिसिटी हॉस्पिटल' के नाम से एक मल्टी सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल चलाती है। यह उत्तराखंड के रूद्रपुर में ऑपरेशनल है।

खरीद 177 करोड़ रुपये में होगी। एक्सचेंज फाइलिंग में कहा गया है कि यह एक रिलेटेड पार्टी ट्रांजेक्शन नहीं है। अधिग्रहण के तहत V3 हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड के 80 प्रतिशत हिस्से की खरीद 31 अगस्त 2026 तक पूरी कर ली जाएगी। बाकी 20 प्रतिशत हिस्से की खरीद पार्क मेडी वर्ल्ड 30 अप्रैल 2030 तक पूरी कर लेगी।

पार्क मेडी वर्ल्ड उत्तर भारत में पार्क हॉस्पिटल ब्रांड के तहत हॉस्पिटल चेन चलाती है। इसके 16 मल्टी-सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल हैं। इन हॉस्पिटल्स की क्षमता 3960 बेड की है। ग्रुप ने 14 प्रमुख शहरों में अपनी मजबूत पैठ बनाई है। ये शहर हैं- दिल्ली, गुड़गांव, फरीदाबाद, पानीपत, करनाल, सोनीपत, अंबाला, मोहाली, पटियाला, बठिंडा, बहरोड़, जयपुर, आगरा और पंचकूला।


कुमाऊं रीजन में सबसे बड़ा हॉस्पिटल है द मेडिसिटी

द मेडिसिटी हॉस्पिटल की कुल क्षमता 330 बेड की है। यह कुमाऊं रीजन में सबसे बड़ा हॉस्पिटल है। V3 हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड का टर्नओवर वित्त वर्ष 2025 में 55.74 करोड़ रुपये, वित्त वर्ष 2024 में 49.04 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2023 में 42.46 करोड़ रुपये रहा।

Park Medi World का शेयर साल 2026 में अब तक 88 प्रतिशत चढ़ा

पार्क मेडी वर्ल्ड दिसंबर 2025 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 920 करोड़ रुपये का था। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 82.89 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर साल 2026 में अब तक 87.98 प्रतिशत चढ़ा है। 3 महीनों में यह लगभग 50 प्रतिशत की बढ़त देख चुका है। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का शुद्ध स्टैंडअलोन रेवेन्यू 27.43 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 8.61 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान स्टैंडअलोन रेवेन्यू 128.97 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 36.62 करोड़ रुपये रहा।

Eicher Motors Share Price: रॉयल एनफील्ड की पेरेंट का शेयर 6% तक उछला, Q4 नतीजों के बाद अब क्या स्ट्रैटेजी रहेगी सही

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।