Patanjali Foods Shares: पतंजलि फूड्स का एक बार फिर से नाम बदलने की संभावना है। पहले इस कंपनी को रुचि सोया इंडस्ट्रीज के नाम से जाना जाता था। हालांकि बाबा रामदेव की अगुआई वाली पतंजलि आयुर्वेद ने NCLT प्रक्रिया के जरिए अधिग्रहण के बाद इसका नाम बदलकर 'पतंजलि फूड्स' कर दिया। अधिग्रहण के बाद, पतंजलि फूड्स ने नकद और रॉयल्टी भुगतान के जरिए पतंजलि आयुर्वेद के कुछ फूड बिजनेस का अधिग्रहण किया। इसमें बिस्कुट, घी, अनाज और न्यूट्रास्युटिकल्स आदि शामिल थे। अब कंपनी ऐसे ही एक कदम के तहत पतंजलि आयुर्वेद के होम और पर्सनल केयर बिजनेस का अधिग्रहण करने जा रही है। ऐसे में अब शायद कंपनी को एक बार फिर से नाम बदलने की जरूरत पड़ सकती है, जिससे ग्राहकों को यह साफ किया जा सके कि वह फूड बिजनेस के अलावा दूसरे FMCG सेगमेंट में भी कारोबार करती है।
