MDR पर आई बड़ी खबर, Paytm, Pine Labs सहित पेमेंट एग्रीगेटर्स कंपनियों के शेयर क्रैश

Paytm का शेयर एक समय 10 फीसदी तक फिसल गया था। बाद में यह काफी हद तक संभलने में कामयाब रहा। पाइन लैब्स और मोबीक्विक सिस्टम्स के शेयर भी बाजार खुलते ही क्रैश कर गए। शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में भी गिरावट दिखी

अपडेटेड Oct 08, 2026 पर 11:35 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पेटीएम का शेयर इस साल 27 फीसदी चढ़ा है।

पेमेंट एग्रीगेटर्स कंपनियों के शेयर 8 अक्तूबर को शेयर बाजार खुलते ही क्रैश कर गए। इसकी वजह एक खबर है जिसमें कहा गया है कि मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) कुछ महीनों के लिए टल सकता है। सूत्रों ने सीएनबीसी-टीवी18 को बताया है कि सरकार से एमडीआर कुछ महीनों के लिए टालने की गुजारिश की गई है। सरकार इस प्रस्ताव पर विचार कर रही है।

मोबीक्विक सिस्टम्स का शेयर सबसे ज्यादा गिरा

इस खबर के चलते Paytm की पेरेंट कंपनी One97 Communications, Pine Labs और OneMobiKwik Systems के शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली। 11 बजे पेटीएम का शेयर 5 फीसदी गिरकर 1,647 पर चल रहा था। पाइन लैब्स का शेयर 3 फीसदी गिरकर 172 पर था। मोबीक्विक सिस्टम्स का शेयर 5.27 फीसदी गिरकर 242 रुपये पर चल रहा था।


10 फीसदी तक फिसलने के बाद संभला पेटीएम

Paytm का शेयर एक समय 10 फीसदी तक फिसल गया था। बाद में यह काफी हद तक संभलने में कामयाब रहा। सूत्रों ने सीएनबीसी-टीवी18 को बताया है कि ट्रेडर्स और इंडस्ट्री एसोसिएशंस ने MDR को कुछ महीनों के लिए टालने का अनुरोध किया है। यह 15 अक्तूबर से लागू होने वाला है। इसे अगले साल जनवरी तक टालने की मांग की गई है। यह गुजारिश फाइनेंस मिनिस्ट्री और नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) दोनों से की गई है।

एमडीआर कुछ महीनों के लिए टालने की गुजारिश

ट्रेडर्स और इंडस्ट्री एसोसिएशंस का कहना है कि एमडीआर का असर छोटे दुकानदारों और एमएसएमई पर पड़ेगा। NPCI ने 15 अक्तूबर से एमडीआर लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत 2000 रुपये से ज्यादा अमाउंट के ट्रांजेक्शन पर 0.4 फीसदी एमडीआर लगेगा। यह पर्सन-टू-मर्चेंट (P2M) ट्रांजेक्शन पर लागू होगा। 75,000 रुपये और इससे ऊपर के ट्रांजेक्शंस के लिए एमडीआर की 300 रुपये की लिमिट लागू होगी।

गोल्डमैन सैक्स ने पेटीएम के शेयर का टारगेट प्राइस बढ़ाया था

कुछ खास तरह के ट्रांजेक्शंस पर एमडीआर की 5 रुपये की लिमिट लागू होगी। एक दिन पहले ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स ने पेटीएम के शेयर का प्राइस टारगेट 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,070 रुपये कर दिया था। ब्रोकरेज फर्म ने कहा था कि पेटीएम के लिए आगे अच्छी संभावनाएं दिख रही हैं। उसने कहा था कि इस स्टॉक का रिस्क-रिवॉर्ड रेशियो भी फेवरेबल लगता है। पेटीएम का शेयर इस साल 27 फीसदी चढ़ा है।

यह भी पढ़ें: गिरते बाजार में भी चढ़ा पीसी ज्वेलर का शेयर 

शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों पर लगातार दूसरे दिन दबाव

शेयर बाजारों में 8 अक्तूबर को लगातार दूसरे दिन बड़ी गिरावट दिखी। निफ्टी 0.69 फीसदी यानी 153 अंक गिरकर 22,449 पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.58 फीसदी यानी 420 अंक गिरकर 72,218 रुपये पर चल रहा था। बैंक निफ्टी पर भी दबाव देखने को मिला। 7 अक्तूबर को भी शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट आई थी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।