Paytm share buyback: पेटीएम (PAYTM) की पैरेंट कंपनी One 97 Communications Ltd शेयर बायबैक करने का विचार कर रही है। कल कंपनी ने घोषणा की है 13 दिसंबर को कंपनी की बोर्ड बैठक होगी जिसमें शेयर के बायबैक पर विचार किया जायेगा। कंपनी ने बयान में कहा कि कंपनी की मौजूदा लिक्विडिटी और फाइनेंशियल पोजिशन को देखते हुए मैनेजमेंट का यह मानना है कि एक बायबैक यहां शेयरधारकों के लिए फायदेमंद हो सकता है। कंपनी इस समय बायबैक को लाने पर विचार क्यों कर रही है। इस बाय बैक ऑफर में कंपनी द्वारा कितने करोड़ रुपये के शेयरों का बायबैक किया जा सकता है। इस पर जानते हैं एक रिपोर्ट-
Paytm के बायबैक पर जानकारी देते सीएनबीसी-आवाज़ के यतिन मोता ने कहा कि कंपनी का मौजूदा भाव 508 रुपये प्रति शेयर है। जबकि कंपनी का इश्यू प्राइस 2150 रुपये प्रति शेयर था। ये अपने इश्यू प्राइस से 76% डिस्काउंट पर कारोबार कर रहा है। यतिन ने कहा कि पेटीएम का बायबैक शेयरधारकों को रिवार्ड करने के लिए नहीं आ रहा है। बल्कि ये शेयर प्राइस को संभालने के लिए आ रहा है। कंपनी ने ऐसी कोई कमाई नहीं कर दी है कि वह शेयर का बायबैक करने पर विचार करें। शेयर बाजार में शेयर के भाव में जो गिरावट दिख रही है कंपनी कहीं ना कहीं उस गिरते भाव को संभालने का इरादा रखती है।
वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कंपनी टेंडर रूट के जरिए 3,391 करोड़ रुपये का बायबैक कर सकती है। जबकि ओपन मार्केट के जरिए 2,035 करोड़ रुपये का बायबैक संभव है। गौरतलब है कि नेटवर्थ के 25% बायबैक के लिए शेयरहोल्डर की मंजूरी जरूरी होती है। जबकि नेटवर्थ के 10% बायबैक के लिए शेयरहोल्डर की मंजूरी जरूरी नहीं है। फिर भी माना जा रहा है पेटीएम में ओपन मार्केट से नेटवर्थ के 10% पर 1350 करोड़ रुपये का बायबैक संभव है।
Paytm की वित्तीय स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए यतिन ने कहा कि कंपनी के पास 9182 करोड़ रुपये का कैश है। इसकी नेटवर्थ 13,564 करोड़ रुपये है।
बता दें कि पिछले एक महीने में Paytm का शेयर 21% गिर गया है। जबकि इस साल की शुरुआत से अब तक कंपनी के शेयर करीब 62.07 प्रतिशत गिर चुके हैं।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)