तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जीत और वैश्विक ब्याज दरों के अपने चरम पर पहुंचने के बाद भारत में विदेशी निवेशकों की ओर से निवेश बढ़ सकता है। यह उम्मीद ब्रोकरेज फर्म फिलिपकैपिटल (PhillipCapital) ने जताई है। सितंबर और अक्टूबर के दौरान फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर (FII), शुद्ध सेलर रहे थे। इसके पीछे वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव, अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में वृद्धि और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) के लिए सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) के नए दिशानिर्देश कारण रहे। नए निर्देश 1 नवंबर से प्रभावी हैं। अक्टूबर में FII ने करीब 2.66 अरब डॉलर की बिकवाली की, जबकि सितंबर में उन्होंने करीब 2.19 अरब डॉलर की बिकवाली की।
देश में अप्रैल-मई 2023 में आम चुनाव होने वाले हैं। फिलिपकैपिटल का कहना है कि आम चुनावों से पहले बीजेपी की 3 राज्यों में जीत, पार्टी के लिए एक बड़ी सकारात्मक बात है। ब्रोकरेज फर्म को मध्य प्रदेश, राजस्थान में विकास में सुधार की उम्मीद है। इससे नीतिगत निरंतरता बनी रहेगी, आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और घरेलू इक्विटी निवेश लगातार बने रहने से आय मजबूत बनी रहेगी।
Q2 में GDP ग्रोथ 7.4% रहने के बाद आशावाद बढ़ा
भारतीय इक्विटी पर फिलिपकैपिटल का बुलिश रुख, अक्टूबर 2023 के रिटेल महंगाई के आंकड़े आने के बाद अमेरिकी ब्याज दरों पर स्पष्टता के साथ शुरू हुआ। पहले, ब्रोकरेज को उम्मीद थी कि निफ्टी सीमित दायरे में रहेगा। भारत की सितंबर तिमाही में जीडीपी ग्रोथ 7.4 प्रतिशत रहने के बाद आशावाद बढ़ गया। राज्य चुनावों के बाद बीजेपी सरकार की निरंतरता में विश्वास से बाजार में तेजी आने की उम्मीद है। मजबूत फंडामेंटल्स और लिक्विडिटी के साथ, फिलिपकैपिटल अब इक्विटी पर अत्यधिक सकारात्मक है और उसे वित्त वर्ष 2024-25 के लिए निफ्टी EPS ग्रोथ 18 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
किन स्टॉक्स पर जताया भरोसा
फिलिपकैपिटल को जिन सेक्टर्स के स्टॉक में अच्छे रिटर्न की सबसे ज्यादा उम्मीद है, उनमें विभिन्न इंडस्ट्रियल सेक्टर्स जैसे कैपिटल गुड्स, रक्षा, सीमेंट, मेटल/पाइप, ऑटोमोबाइल और EMS आदि शामिल हैं। मुद्रास्फीति और विकास बाधाओं के कारण कमजोर ग्रामीण मांग जैसी चुनौतियों के बावजूद, फिलिपकैपिटल को क्षेत्र के प्रदर्शन में सुधार की उम्मीद है। इस सकारात्मक दृष्टिकोण का श्रेय आम चुनावों से पहले कल्याणकारी योजनाओं पर भाजपा के जोर को जाता है।
ब्रोकरेज के टॉप स्टॉक पिक्स में L&T, HAL, GET&D, अल्ट्राटेक सीमेंट, एसीसी, जेएसडब्ल्यू स्टील, मारुति, टाटा मोटर्स, हीरो मोटोकॉर्प, ICICI Bank, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, पीएफसी, श्रीराम हाउसिंग फाइनेंस, मुथूट फाइनेंस, हैवेल्स, कायन्स, पीजी इलेक्ट्रोप्लास्ट, डॉ. रेड्डीज, जाइडस लाइफ, LTIMindtree, कॉफोर्ज, ट्रेंट, शॉपर्स स्टॉप, एसबीआई लाइफ, ICICI Lombard, निप्पॉन एसेट मैनेजमेंट, कोरोमंडल, दीपक फर्टिलाइजर्स, गेटवे डिस्ट्रिपार्क्स, महिंद्रा लॉजिस्टिक्स और पीएनसी इंफ्रा शामिल हैं।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।