Piramal Finance Share Price: पीरामल फाइनेंस के शेयर बने रॉकेट, क्या आपको खरीदना चाहिए?

Piramal Finance Share Price: पीरामल फाइनेंस के शेयरों पर 28 अप्रैल को उसके नतीजों का असर दिखा। एक समय शेयर 11.88 फीसदी चढ़कर 2,062 रुपये पर पहुंच गया था। मार्च तिमाही में कंपनी का टैक्स बाद प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 390 फीसदी बढ़कर 502 करोड़ रुपये रहा

अपडेटेड Apr 28, 2026 पर 2:17 PM
Story continues below Advertisement
Piramal Finance का शेयर बीते एक हफ्ते में 17 फीसदी चढ़ा है।

Piramal Finance Share Price: पीरामल फाइनेंस के शेयरों को 28 अप्रैल को पंख लग गए। एक समय कंपनी का शेयर 12 फीसदी तक उछल गया था। बाद में तेजी थोड़ी कम हो गई। 1:40 बजे कंपनी का शेयर 8.89 फीसदी चढ़कर 2,004 रुपये पर चल रहा था। शेयरों में तेजी की वजह मार्च तिमाही के कंपनी के नतीजे हैं। कंपनी ने 27 अप्रैल को चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान किया था।

टैक्स बाद प्रॉफिट में 390 फीसदी उछाल

Piramal Finance के शेयरों पर 28 अप्रैल को उसके नतीजों का असर दिखा। एक समय शेयर 11.88 फीसदी चढ़कर 2,062 रुपये पर पहुंच गया था। मार्च तिमाही में कंपनी का टैक्स बाद प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 390 फीसदी बढ़कर 502 करोड़ रुपये रहा। फाइनेंशियल ईयर 2025-26 में कंपनी का टैक्स बाद प्रॉफिट (PAT) 210 फीसदी बढ़कर 1,506 करोड़ रुपये रहा।


एसेट अंडर मैनेजमेंट 1 लाख करोड़ के पार

मार्च तिमाही में कंपनी का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 1 लाख करोड़ रुपये पार कर गया। इसमें साल दर साल आधार पर 25 फीसदी ग्रोथ रही। कंपनी की ओवरऑल बुक में रिटेल सेगमेंट की हिस्सेदारी 85 फीसदी रही। कंपनी के एनपीए में भी गिरावट दिखी है। यह घटकर 2.3 फीसदी पर आ गया। कंपनी के मार्जिन और ऑपरेटिंग मीट्रिक्स में भी सुधार दिखा है।

एयूम में ग्रोथ का 25 फीसदी गाइडेंस

पीरामल फाइनेंस का नेट इंटरेस्ट मार्जिन मार्च तिमाही में बढ़कर 6.5 फीसदी हो गया। कंपनी ने FY27 के लिए एयूएम में ग्रोथ का करीब 25 फीसदी और प्रॉफिट में ग्रोथ का 50 फीसदी गाइडेंस दिया है। ब्रोकरेज फर्मों को कंपनी के शेयरों का प्रदर्शन अच्छा रहने की उम्मीद है। बीते एक हफ्ते में यह शेयर 17 फीसदी चढ़ा है।

नोमुरा ने दी शेयर खरीदने की सलाह

विदेशी ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने पीरामल फाइनेंस के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। उसने शेयर के लिए 2,150 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि कंपनी की ग्रोथ तेज है। इसने स्ट्रॉन्ग ग्रोथ गाइडेंस दिया है। कंपनी के मार्जिन में इजाफा अनसेक्योर्ड लोन, गोल्ड लोन और फंड्स की कम कास्ट का हाथ रहा है।

यह भी पढ़ें: दिग्गज फर्म ने तोड़ा नाता फिर भी रॉकेट बना हुआ है ये शेयर, जानें क्या है वजह?

जेफरीज की होल्ड करने की सलाह 

जेफरीज ने 'होल्ड' की सलाह दी है। उसने इस शेयर के लिए 1,940 रुपये का टारेगट प्राइस दिया है। उसने कहा है कि मौजूदा वैल्यूएशन पर शेयरों की कीमतों के ऊपर जाने की सीमित गुंजाइश है। उसने कहा है कि कंपनी की एयूएम ग्रोथ और मार्जिन उम्मीद के मुताबिक रहे। लेकिन, रिटर्न रेशियो मीडियम टर्म में अपेक्षाकृत कमजोर बना हुआ है। बीते एक साल में यह शेयर 56 फीसदी चढ़ा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।