Platinum Industries IPO Listing: स्टैबलाइजर्स बनाने वाली प्लैटिनम इंडस्ट्रीज (Platinum Industries) के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में शानदार एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों को तगड़ा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल करीब 99 गुना सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ के तहत 171 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी 228 रुपये के भाव पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 33 फीसदी से अधिक लिस्टिंग गेन (Platinum Industries Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह 237 रुपये (Platinum Industries Share Price) पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 38 फीसदी से अधिक मुनाफे में हैं।
Platinum Industries IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
प्लैटिनम इंडस्ट्रीज का 235.32 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 27-29 फरवरी तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 98.99 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 151.00 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 141.79 गुना और खुदरा निवेशकों का आरक्षित हिस्सा 50.92 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 1,37,61,225 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल सब्सिडियरी प्लैटिनम स्टैबलाइजर्स इजिप्ट में मैनुफैक्चरिंग फैसिलिटी के सेटअप के लिए निवेश, पालघर में एक मैनुफैक्चरिंग फैसिलिटी में निवेश, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
अगस्त 2016 में बनी प्लैटिनम इंडस्ट्रीज स्टैबलाइजर्स बनाती है। यह पीवीसी स्टैबलाइजर्स, सीपीवीसी एडिटिव्स और लुब्रिकेंट्स बनाती है। इसके प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल पीवीसी पाइप्स, पीवीसी प्रोफाइल्स, पीवीसी फिटिंग्स, इलेक्ट्रिकल वायर्स और केबल्स, एसपीसी फ्लोर टाइल्स, रिजिड पीवीसी फोम बोर्ड्स और पैकेजिंग मैटेरियल्स इत्यादि में इस्तेमाल होता है। इसकी मैनुफैक्चरिंग फैसिलिटी महाराष्ट्र के पालघर में है। जुलाई 2023 तक के आंकड़ों के हिसाब से देश भर में इसके 12 डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर्स हैं। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है।
वित्त वर्ष 2021 में इसे 4.82 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2022 में बढ़कर 17.75 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2023 में 37.58 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी सालाना 61 फीसदी से अधिक की चक्रवद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 232.56 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2023 में इसे 22.84 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 123.73 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।