Power Mech Projects Stock Price: इंफ्रास्ट्रक्चर कंस्ट्रक्शन कंपनी पावर मेक प्रोजेक्ट्स के शेयरों में 23 अगस्त को इंट्राडे में 16 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल दिखा। हालांकि बाद में यह कम हो गया। कंपनी ने एक दिन पहले शेयर बाजारों को बताया था कि उसके बोर्ड ने 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर जारी करने का फैसला किया है। इसका मतलब है कि शेयरहोल्डर्स को उनके पास मौजूद 10 रुपये फेस वैल्यू वाले हर एक फुली पेड अप इक्विटी शेयर पर 1 नया शेयर बोनस के तौर पर दिया जाएगा। इस प्रस्ताव पर 27 सितंबर 2024 को होने वाली सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी।
23 अगस्त को पावर मेक प्रोजेक्ट्स का शेयर बढ़त के साथ बीएसई पर 6470 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से 16.6 प्रतिशत तक चढ़ा और 7450 रुपये के हाई तक गया। यह शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर भी है। कारोबार बंद होने पर शेयर 8 प्रतिशत की बढ़त के साथ 6901.45 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 11000 करोड़ रुपये है। शेयर के लिए अपर प्राइस बैंड 20 प्रतिशत सर्किट लिमिट के साथ 8281.70 रुपये है।
क्या रखी गई है रिकॉर्ड डेट
बोनस शेयर के लिए रिकॉर्ड डेट 28 सितंबर 2024 है। इस तारीख तक जिन शेयरधारकों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे बोनस शेयर के लिए हकदार होंगे। बोनस शेयर 21 अक्टूबर 2024 को या उससे पहले क्रेडिट कर दिए जाएंगे।
फाइनल डिविडेंड के लिए भी रिकॉर्ड डेट घोषित
इसके साथ ही कंपनी के बोर्ड ने 28 सितंबर को ही वित्त वर्ष 2024 के फाइनल डिविडेंड के लिए भी रिकॉर्ड डेट घोषित किया है। कंपनी 2 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दे रही है। जून 2024 के आखिर तक कंपनी में प्रमोटर्स के पास 58.29 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। पिछले एक साल में शेयर की कीमत 70 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ी है। वहीं 3 साल में शेयर ने 730 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।