Praj Industries share price: प्राज इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Praj Industries Ltd) के शेयरों ने 26 मई को शुरुआती कारोबार में 7 प्रतिशत की छलांग लगाई। कंपनी ने गुरूवार को वित्त वर्ष 23 की मार्च तिमाही के नतीजे घोषित किये। इसके अनुसार कंपनी को 88.12 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ। जो कि एक साल पहले की तुलना में 53 प्रतिशत अधिक था। कंपनी के नतीजे बाजार को पसंद आये लिहाजा इसके एक दिन बाद स्टॉक में तेजी नजर आई। कंपनी ने 25 मई को बीएसई फाइलिंग में कहा कि ऑपरेशंस से फर्म की आय 1,003.98 करोड़ रुपये रही। जो एक साल पहले की अवधि में 830.96 करोड़ रुपये से 21 प्रतिशत अधिक थी।
इसका EBITDA सालाना आधार पर 38.8 प्रतिशत बढ़कर 108.3 करोड़ रुपये हो गया। जबकि EBITDA मार्जिन 140 बेसिस प्वाइंट से बढ़कर 10.79 प्रतिशत हो गई। तिमाही के दौरान ऑर्डर इनटेक 1,038 करोड़ रुपये रहा।
एक बेसिस प्वाइंट एक प्रतिशत अंक का सौवां हिस्सा होता है।
निदेशक मंडल ने वित्तीय वर्ष 2023 के लिए 4.50 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के फाइनल डिविडेंड का प्रस्ताव दिया।
बीएसई के साथ एक अलग फाइलिंग में कंपनी ने कहा कि उसके बोर्ड ने विभिन्न प्रकार के बायो फ्यूल्स के उत्पादन के लिए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) के साथ एक संयुक्त उद्यम (JV) बनाने के लिए सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दे दी है। सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) का उत्पादन संयुक्त उद्यम का पहला प्रोजेक्ट होने की संभावना है।
कंपनी के सीईओ और एमडी शिशिर जोशीपुरा (CEO & MD Shishir Joshipura) ने कहा कि एनर्जी ट्रांजिशन और क्लाइमेट एक्शन एजेंडे ने प्राज इंडस्ट्रीज (Praj Industries) के इंजीनियरिंग बिजनेस के लिए नए अवसर खोले हैं।
“सरफेस मोबिलिटी से परे मोबिलिटी सॉल्यूशंस का विस्तार जिसमें SAF शामिल है। ये हमारे कारोबार के लिए अवसरों के क्षितिज का विस्तार कर रहा है। हम अपने सभी हितधारकों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए आश्वस्त हैं क्योंकि हम अपनी सतत यात्रा पर आगे बढ़ रहे हैं।"
आज सुबह 10:45 बजे, NSE पर Praj Industries का शेयर 6.07 प्रतिशत बढ़कर 378.80 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)