Premier Polyfilm के शेयरों में लगातार दूसरे दिन अपर सर्किट, 4 दिनों में 60% भागा स्टॉक

Premier Polyfilm के बोर्ड ने अपनी बैठक में तमिलनाडु राज्य में अपना बिजनेस बढ़ाने के लिए औद्योगिक भूमि की खरीद को मंजूरी दी है। कंपनी ने अगस्त में आर्टिफिशियल PVC लेदर, PVC शीट और फ़िल्म और बुना हुआ कपड़ा बनाने के लिए यूपी के बुलंदशहर जिले में एक कारखाना स्थापित किया था

अपडेटेड Oct 15, 2024 पर 5:29 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
माइक्रोकैप कंपनी प्रीमियर पॉलीफिल्म के शेयरों में आज 15 अक्टूबर को लगातार दूसरे दिन अपर सर्किट लग गया।

Premier Polyfilm share: माइक्रोकैप कंपनी प्रीमियर पॉलीफिल्म के शेयरों में आज 15 अक्टूबर को लगातार दूसरे दिन अपर सर्किट लग गया। पिछले चार कारोबारी दिनों में कंपनी के शेयरों में 60 फीसदी की दमदार रैली आई है। कंपनी के शेयर आज 20 फीसदी की बढ़त के साथ 356.85 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं। वहीं, स्टॉक ने आज 356.90 रुपये के अपने ऑल टाइम हाई को छू लिया। आज की तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 747.55 करोड़ रुपये हो गया है। स्टॉक का 52-वीक लो 119.85 रुपये है। पिछले एक साल में स्टॉक ने करीब 150 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है।

Premier Polyfilm के तिमाही नतीजे

प्रीमियर पॉलीफिल्म ने हाल ही में FY25 की सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। इसके अलावा, कंपनी ने बिजनेस बढ़ाने की भी जानकारी दी है। इन खबरों के बाद कंपनी के शेयरों में जमकर खरीदारी हो रही है। कंपनी का नेट प्रॉफिट सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 44.36 फीसदी बढ़कर 7.42 करोड़ रुपये हो गया है। इसके अलावा, तिमाही के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 78.73 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की तुलना में 3.52 फीसदी अधिक है।


Premier Polyfilm का फ्यूचर प्लान

इस बीच, प्रीमियर पॉलीफिल्म के बोर्ड ने अपनी बैठक में तमिलनाडु राज्य में अपना बिजनेस बढ़ाने के लिए औद्योगिक भूमि की खरीद को मंजूरी दी है। कंपनी ने अगस्त में आर्टिफिशियल PVC लेदर, PVC शीट और फ़िल्म और बुना हुआ कपड़ा बनाने के लिए यूपी के बुलंदशहर जिले में एक कारखाना स्थापित किया था।

एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, प्रीमियर पॉली ने अपने स्टॉक स्प्लिट के लिए रिकॉर्ड डेट का भी ऐलान किया है। कंपनी 5 रुपये फेस वैल्यू के 1 इक्विटी शेयर को 1 रुपये फेस वैल्यू के 1 इक्विटी शेयर में स्प्लिट करेगी। कंपनी ने इसके लिए 5 नवंबर को रिकॉर्ड डेट के रूप में तय किया है।

Premier Polyfilm का कारोबार

प्रीमियर पॉलीफिल्म मुख्य रूप से फ्लेक्सिबल पीवीसी फ्लोरिंग, फिल्म, शीट बनाने और बेचने का काम करती है। इसके प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल ऑटोमोटिव, इंटीरियर, हेल्थकेयर, ट्रांसपोर्ट, रेल और कमर्शियल एप्लिकेशन सहित कई इंडस्ट्री में होता है। कंपनी का दावा है कि विनाइल फ्लोरिंग और शीटिंग मार्केट में उसकी बड़ी हिस्सेदारी है और इस सेक्टर के लिए कुल एनुअल ग्रोथ 10% से अधिक होने का अनुमान है।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।