Prudent Corporate Advisory सर्विसेज के शेयरों की लिस्टिंग 20 मई को प्रीमियम के साथ हुई है। यह इंडिपेंडेंट रिटेल वेल्थ मैनेजमेंट सर्विसेज मुहैया कराने वाली कंपनी है। कंपनी के शेयर BSE पर 4.7% प्रीमियम के साथ 660 रुपए पर खुले थे। जबकि इसका इश्यू प्राइस 630 रुपए था। वहीं NSE पर इसके शेयरों की लिस्टिंग 650 रुपए पर हुई है।
बाजार में उतारचढ़ाव और नकारात्मक सेंटीमेंट का असर Prudent की लिस्टिंग पर भी पड़ा है। यह देश के टॉप म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स में से एक है।
एक दिन पहले सेंसेक्स में 1400 अंकों की गिरावट आई थी और निवेशकों के 6.4 लाख करोड़ रुपए पानी में बह गए। इसका आफ्टर इफेक्ट Prudent Corporate की लिस्टिंग पर भी साफ नजर आया। हालांकि आज बाजार में तेजी लौटी है।
कितना हुआ था सब्सक्रिप्शन?
Prudent Corporate के इश्यू को निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया नहीं मिली थी। कंपनी का इश्यू सिर्फ 1.22 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इश्यू का QIB पोर्शन 1.26 गुना सब्सक्राइब हुआ था। जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स का हिस्सा सिर्फ 0.99 गुना ही बुक हो पाया था। इस IPO में रिटेल इनवेस्टर्स ने भी कुछ खास दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। लिहाजा रिटेल इनवेस्टर्स का हिस्सा सिर्फ 1.29 गुना ही भर पाया था। कंपनी के कर्मचारियों ने अपने हिस्से में 1.23 गुना बोली लगाई थी।
कंपनी के शेयरों का प्राइस बैंड 595-630 रुपए है। कंपनी का इश्यू 538.6 करोड़ रुपए का है। यह पूरी तरह से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) है। इसका मतलब है कि IPO के तहत कंपनी ने कोई नया शेयर जारी नहीं किया है, बल्कि इसके प्रमोटरों और निवेशकों ने अपने हिस्से के शेयरों को बिक्री के लिए रखा है। इसलिए IPO से मिलने वाला पैसा कंपनी के खाते में न जाकर इसके निवेशकों और प्रमोटरों के पास जाएगा।