PSU Bank Stock : कई पब्लिक सेक्टर के बैंकों के शेयरों में आज 20 फीसदी तक की दमदार रैली देखने को मिली है। इन बैंकों में इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB), सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब एंड सिंध बैंक (PSB) और यूको बैंक शामिल हैं। पिछले चार कारोबारी दिनों में इन बैंकों के शेयर की कीमतों में 30 फीसदी से 45 फीसदी तक की तेजी देखी गई है। इन चार बैंकों के अलावा बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के शेयरों में भी 5 फीसदी से 8 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई। इसके अलावा, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और इंडियन बैंक के शेयर भी तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं।
पिछले पांच दिनों में सरकारी बैंकों की बेहतर आय और बेहतर एसेट क्वालिटी की उम्मीदों पर पीएसयू बैंक इंडेक्स 8 फीसदी बढ़ गया है। IOB के शेयर आज 14.30 फीसदी बढ़कर 45.15 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। पिछले 4 कारोबारी दिनों में इस स्टॉक में करीब 42 फीसदी की शानदार तेजी आई है।
इसके अलावा, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के शेयरों में 8.07 फीसदी की तेजी आई है और यह 50.90 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। पंजाब एंड सिंध बैंक के शेयर 10.97 फीसदी बढ़कर 49.55 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं। यूको बैंक के शेयर 13.37 फीसदी बढ़कर 45.80 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं। इसके अलावा, SBI के शेयरों में 0.70 फीसदी और इंडियन बैंक के शेयर 3.60 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए हैं।
एनालिस्ट्स के अनुसार बैंक की कमाई और एसेट क्वालिटी में लगातार सुधार और कैपिटल पोजिशन में मजबूती, जिसके मीडियम टर्म तक बने रहने की संभावना है, के चलते सेंटीमेंट बेहतर हुआ है। क्रिसिल रेटिंग्स ने कहा, "कम इंक्रीमेंटल स्ट्रेस के साथ-साथ नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) में सुधार के चलते लोवर क्रेडिट कॉस्ट के कारण बैंक पिछले तीन वित्तीय वर्षों से प्रॉफिटेबल रहा है। हायर प्रोविजन के साथ बैंक को मीडियम टर्म में प्रॉफिटेबल बने रहने की उम्मीद है।"
यूको बैंक को लेकर रेटिंग एजेंसी ने कहा कि बैंक को अपने रिसोर्स प्रफाइल को बनाए रखना चाहिए, जो पूर्वी भारत में इसकी स्थापित बाजार स्थिति द्वारा सपोर्टेड है, जिसने स्टेबल डिपॉजिट बेस बनाए रखने में मदद की है।