PVR Inox के शेयरों में 8% का तगड़ा उछाल, Dhurandhar की ताबड़तोड़ कमाई ने भर दी निवेशकों की भी जेब

PVR Inox Share Price: आदित्य धर (Aditya Dhar) के निर्देशन में बनी धुरंधर (Dhurandhar) सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर ही धमाल नहीं मचा रही है बल्कि पीवीआर आईनॉक्स के निवेशकों पर भी इसने पैसों की जमकर बारिश की। लगातार सात दिनों की गिरावट के बाद आज यह रॉकेट बन गया। जानिए धुरंधर को रिलीज हुई कई दिन हो गए तो फिर आज एकाएक पीवीआर आईनॉक्स के शेयर क्यों रॉकेट बने?

अपडेटेड Dec 15, 2025 पर 4:05 PM
Story continues below Advertisement
Dhurandhar को रिलीज हुए करीब 10 दिन हो गए और PVR Inox के शेयर लगातार सात कारोबारी दिनों की फिसलन के बाद आज रॉकेट बने हैं।

PVR Inox Share Price: करीब 10 दिन पहले रिलीज हुई आदित्य धर की मूवी धुरंधर (Dhurandhar) बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ रही है। इसकी ताबड़तोड़ कमाई न सिर्फ इस मूवी को बनाने वालों की जेबें भर रही है बल्कि पीवीआर आईनॉक्स यानी कि जिस हॉल में इसे दिखाया जा रहा है, उसके शेयरहोल्डर्स की भी पूंजी एकाएक रॉकेट की स्पीड से बढ़ी है। लगातार सात कारोबारी दिनों में करीब 7% की गिरावट के बाद आज पीवीआर आईनॉक्स के शेयर करीब 8% उछल पड़े। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा जरूर उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। आज बीएसई पर यह 2.97% की बढ़त के साथ ₹1083.00 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 7.78% उछलकर ₹1133.55 तक पहुंचा था।

Dhurandhar की रिलीज के 10 दिन बाद PVR Inox क्यों बना रॉकेट?

धुरंधर को रिलीज हुए करीब 10 दिन हो गए और पीवीआर आईनॉक्स के शेयर लगातार सात कारोबारी दिनों की फिसलन के बाद आज रॉकेट बने हैं। इसकी वजह ये है कि शनिवार 13 दिसंबर को यानी जिस दिन स्टॉक मार्केट बंद था, उस दिन ₹53 करोड़ की कमाई की जो हिंदी सिनेमा में अब तक किसी भी मूवी के लिए दूसरे शनिवार को रिकॉर्ड कमाई है। रविवार को भी इसने ₹58 करोड़ की धमाकेदार कमाई की। आज 15 दिसंबर को बड़े पर्दे पर इसका 11वां दिन है और Sacnilk पर मौजूद अभी तक के आंकड़ों के मुताबिक यह ₹355 करोड़ कमा चुकी है।


कितना बड़ा है पीवीआर आईनॉक्स का बिजनेस?

पीवीआर आईनॉक्स ने हैदराबाद के साइबरबाद में स्थित इनऑर्बिट मॉल में पांच नए स्क्रीन खोले हैं, जिससे यह सिनेमाघर 11 स्क्रीन वाले सुपरप्लेक्स में बदल गया है। सुपरप्लेक्स में तीन प्रीमियम फॉर्मेट-ल्यूक्स (Luxe), पीएक्सएल (PXL) और 4डीएक्स (4DX) उपलब्ध हैं और मुख्य स्क्रीन के साथ अब कुल 11 स्क्रीन का सेटअप तैयार है। तेलंगाना में पहली बार पेश किए गए पीएक्सएल में 55 फुट चौड़ी स्क्रीन, आरजीबी लेजर प्रोजेक्शन, डॉल्बी एटमॉस साउंड और रिक्लाइनर सीटें हैं। वहीं शहर में इसके तीसरे 4डीएक्स स्क्रीन पर मोशन सीट के साथ-साथ हवा, कोहरा, सुगंध, पानी और बर्फ जैसे इफेक्ट्स का फीचर मिलता है। इस लॉन्च के साथ ही पीवीआर आईनॉक्स के पास भारत और श्रीलंका के 111 शहरों में 335 प्रॉपर्टीज में 1772 स्क्रीन्स हैं और इसका मल्टीप्लेक्स नेटवर्क सबसे बड़ा है।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?

पीवीआर आईनॉक्स के शेयर पिछले साल 17 दिसंबर 2024 को ₹1,539.10 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई है। इस हाई से यह चार ही महीने में 46.36% फिसलकर 7 अप्रैल 2025 को ₹825.65 पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।

Banking Stocks: यूबीएस ने 24% बढ़ाया टारगेट प्राइस, Rekha Jhunjhunwala का यह स्टॉक पहुंचा रिकॉर्ड हाई पर

Stocks in Focus: मैनेजमेंट के रुझान पर ब्रोकरेजेज बुलिश, फटाक से 3% उछल पड़ा यह शेयर, आपके पास है?

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।