PVR Inox के शेयरों में 18 नवंबर को दिन में 3.6 प्रतिशत तक की तेजी दिखी, जिससे कीमत लगभग 26 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। बीएसई पर दिन में शेयर ने 1739.50 रुपये का हाई देखा। लेकिन बाद में यह करीब 2 प्रतिशत बढ़त के साथ 1710.70 रुपये पर सेटल हुआ। दरअसल रेटिंग एजेंसी CRISIL ने PVR Inox की लॉन्ग-टर्म बैंक सुविधाओं और नॉन-कनवर्टिबल डिबेंचर (NCDs) के लिए अपने आउटलुक को 'स्टेबल' से बदलकर 'पॉजिटिव' कर दिया है। एजेंसी ने कंपनी के लॉन्ग-टर्म डेट इंस्ट्रूमेंट्स (कर्ज साधनों) पर अपनी 'CRISIL AA' रेटिंग को भी बरकरार रखा है।
आउटलुक में बदलाव कंपनी के कामकाज के स्केल में लगातार ग्रोथ की उम्मीदों को ध्यान में रखकर किया गया है। इसमें कई तरह के रेवेन्यू सोर्स और ऑपरेटिंग मार्जिन में सुधार शामिल है, जिससे कंपनी का बिजनेस रिस्क प्रोफाइल मजबूत हुआ है। अप्रैल-सितंबर 2026 छमाही के दौरान कंपनी के नेट कैश कंपनी बन जाने से इसका फाइनेंशियल रिस्क प्रोफाइल भी मजबूत हुआ है।
शेयर में आई तेजी से कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 16800 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर एक महीने में 22 प्रतिशत, 3 महीनों में 43 प्रतिशत और 6 महीनों में लगभग 70 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी में 1 अक्टूबर 2026 तक प्रमोटर्स के पास 27.60 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
PVR INOX के लिए क्रिसिल रेटिंग्स के तर्क
मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट में, क्रिसिल रेटिंग्स ने कहा कि PVR INOX के बिजनेस रिस्क प्रोफाइल में सुधार की उम्मीद है। ऐसा कंपनी के भौगोलिक विस्तार के कारण हो रहा है, क्योंकि यह दक्षिण भारत के साथ-साथ टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। इन क्षेत्रों में सिनेमा देखने का मजबूत कल्चर है, कई फलते-फूलते फिल्म उद्योग हैं और मल्टीप्लेक्स की पहुंच अभी भी कम है।
दक्षिण भारतीय बाजारों में PVR INOX का स्क्रीन पोर्टफोलियो वित्त वर्ष 2023 के अंत में 31 प्रतिशत था। अप्रैल—सितंबर 2026 छमाही के अंत तक यह बढ़कर 34 प्रतिशत हो गया। पिछले 3 सालों में जोड़ी गईं कुल स्क्रींस में से 35 प्रतिशत से अधिक इसी क्षेत्र से हैं। क्रिसिल ने कहा है कि मुनाफा कमाने के लिए PVR INOX अब 'पीक ऑक्यूपेंसी' पर कम निर्भर है, जो इसके कामकाज की कुशलता का एक अच्छा संकेत है।
PVR INOX की कमाई के बारे में CRISIL ने कहा कि कंपनी ने रेवेन्यू में अच्छी ग्रोथ दिखाई है। इसके पीछे कई कारण हैं: दर्शकों की संख्या में बढ़ोतरी, टिकट की औसत कीमत में वृद्धि, प्रति व्यक्ति खर्च में बढ़ोतरी, और कंपनी के कस्टमर बेस का बेहतर मोनेटाइजेशन। वित्त वर्ष 2023 में PVR INOX पर लगभग 1,430 करोड़ रुपये का शुद्ध कर्ज था। लेकिन अप्रैल-सितंबर 2026 छमाही के आखिर तक कंपनी लगभग 141 करोड़ रुपये की 'नेट कैश' पोजिशन में आ गई है।
एजेंसी को उम्मीद है कि कंपनी की नेटवर्थ मजबूत बनी रहेगी और मध्यम अवधि में धीरे-धीरे बेहतर होगी, जिसे मजबूत अक्रूअल (कमाई) का सपोर्ट मिलेगा। 1,000-1,200 करोड़ रुपये का अनुमानित सालाना नेट कैश अक्रूअल (लीज भुगतान के बाद) वित्त वर्ष 2027 में 350-400 करोड़ रुपये के कर्ज दायित्वों को पूरा करने के लिए पर्याप्त होगा।
सितंबर तिमाही में कैसा रहा बिजनेस
PVR INOX का जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर दोगुने से ज्यादा बढ़कर 263.1 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 105.5 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 16.97 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2,105.1 करोड़ रुपये रहा, जो सितंबर 2025 तिमाही में 1,799.6 करोड़ रुपये था। कुल खर्च 5.86 प्रतिशत बढ़कर 1,788.2 करोड़ रुपये के हो गए।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।