RailTel Stock Price: न्यूट्रल टेलिकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने वाली मिनी रत्न पीएसयू रेलटेल कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के शेयर ने 23 अगस्त को निवेशकों का जबरदस्त मुनाफा कराया। शेयर ने इंट्राडे में 8 प्रतिशत तक का उछाल दर्ज किया। एक दिन पहले कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया था कि उसे उत्तर प्रदेश पुलिस रिक्रूटमेंट एंड प्रमोशन बोर्ड से 52,66,30,075 रुपये का वर्क ऑर्डर मिला है। इस अपडेट के बाद शेयरों में जमकर खरीद हुई।
रेलटेल का शेयर सुबह बढ़त के साथ बीएसई पर 479.95 रुपये पर खुला। इसके बाद यह पिछले बंद भाव से करीब 8 प्रतिशत तक चढ़ा और 507.70 रुपये के हाई तक गया। कारोबार बंद होने पर शेयर 5.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 497 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 16000 करोड़ रुपये के करीब है। शेयर के लिए अपर प्राइस बैंड 20 प्रतिशत सर्किट लिमिट के साथ 564.95 रुपये है।
RailTel को मिला नया ऑर्डर 31 अगस्त 2024 तक एग्जीक्यूट किया जाना है। यह ऑर्डर, लाइव CCTV सर्विलांस सर्विस, आधार बेस्ड बायोमेट्रिक सर्विस के जरिए इंपर्सनेशन कंट्रोल, रिटन एग्जामिनेशन और DV&PST (डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल स्टैंडर्ड्स टेस्ट) के दौरान फेशियल रिकग्निशन और डिजिटल फिंगर प्रिंट को लेकर सर्विस के लिए है।
लिस्टिंग डे से अब तक शेयर 300% मजबूत
रेलटेल का शेयर पिछले एक साल में 196 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी शेयर बाजारों में 26 फरवरी 2021 को लिस्ट हुई थी। लिस्टिंग डे पर शेयर की कीमत बीएसई पर 121.4 रुपये पर बंद हुई थी। तब से लेकर अब तक शेयर की कीमत 300 प्रतिशत से ज्यादा मजबूत हो चुकी है। जून 2024 के आखिर तक कंपनी में सरकार के पास 72.84 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Hem Securities की सीनियर रिसर्च एनालिस्ट आस्था जैन ने शेयर के लिए 550 रुपये प्रति शेयर का शुरुआती टारगेट प्राइस सेट किया है। उनका मानना है कि अगले दो महीनों में यह 600 रुपये के मार्क को छू लेगा। जैन ने शेयरहोल्डर्स को रेलटेल शेयर को होल्ड करने और 440 रुपये पर स्टॉल लॉस लगाने की सलाह दी है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।